Google Analytics —— Meta Pixel

मिडिल ईस्ट संकट के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने की PM मोदी से बात, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर जताई चिंता

Trump Talks to PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच मंगलवार को फोन पर लंबी बातचीत हुई। इस दौरान पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव, युद्ध जैसे हालात और उसके दुनिया पर पड़ रहे असर पर चर्चा की गई। दरअसल, पश्चिम एशिया में इस समय हालात तनावपूर्ण हैं। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष को कई हफ्ते हो चुके हैं। इससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई है और इसका असर अब दुनिया के दूसरे देशों पर भी दिखने लगा है। दोनों नेताओं ने मौजूदा स्थिति पर गंभीर चर्चा की।

यह भी पढ़ें:- छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, पड़ोसियों ने दो नाबालिगों और उनके परिवार पर किया जानलेवा हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत चाहता है कि इलाके में तनाव कम हो और जल्द से जल्द शांति बहाल हो। उन्होंने यह भी कहा कि लड़ाई बढ़ने से किसी का फायदा नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया प्रभावित होती है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस बातचीत की जानकारी दी और कहा कि चर्चा सार्थक और उपयोगी रही। प्रधानमंत्री मोदी ने खास तौर पर होर्मुज स्ट्रेट का मुद्दा उठाया।

होर्मुज स्ट्रेट क्यों है इतना अहम ?

यह एक बहुत महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता है। दुनिया का बड़ा हिस्सा तेल और गैस इसी रास्ते से गुजरता है। अगर यह बंद हो गया तो कई देशों में पेट्रोल, डीजल, गैस और जरूरी सामान की कमी हो सकती है। इसी वजह से PM मोदी ने कहा कि यह रास्ता खुला, सुरक्षित और सभी के लिए उपलब्ध रहना चाहिए। (Trump Talks to PM Modi)

भारत की क्या चिंता है ?

भारत की सबसे बड़ी चिंता तेल और गैस की सप्लाई, खाद और उर्वरक की उपलब्धता और खाने-पीने की चीजों की कीमतें है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक अगर यह संघर्ष लंबा चलता है तो स्थिति 2022 के रूस-यूक्रेन युद्ध जैसी हो सकती है, जब पूरी दुनिया में महंगाई और सप्लाई की समस्या बढ़ गई थी। भारत इस मामले में काफी सक्रिय है। प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की है। खाड़ी देशों के नेताओं से भी लगातार संपर्क में हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी अलग-अलग देशों के साथ बातचीत कर रहे हैं।

किसी युद्ध का हिस्सा नहीं बनेगा भारत

भारत ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी युद्ध का हिस्सा नहीं बनेगा। उसका फोकस सिर्फ शांति और स्थिरता पर है। भारतीय नौसेना का ऑपरेशन सिर्फ समुद्र में भारतीय जहाजों की सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा है। PM मोदी और ट्रम्प ने तय किया है कि वे इस मुद्दे पर लगातार संपर्क में रहेंगे। दोनों देश मिलकर शांति और स्थिरता लाने की कोशिश करेंगे। दुनिया के एक बड़े हिस्से में तनाव चल रहा है। इसका असर भारत पर भी पड़ सकता है। भारत शांति चाहता है, लड़ाई नहीं और सबसे जरूरी- तेल और जरूरी सामान की सप्लाई बनी रहे। कुल मिलाकर यह बातचीत दिखाती है कि भारत और अमेरिका दोनों ही इस संकट को गंभीरता से ले रहे हैं और हालात को बिगड़ने से रोकना चाहते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!