Google Analytics —— Meta Pixel

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अमेरिकी रिपोर्ट में बड़ा दावा, लिखा- 4 दिन के युद्ध में पाकिस्तान ने चीन की मदद से भारत को हराया

US Report Claim: अमेरिका की यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन (USCC) की नई रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है, जिसके मुताबिक मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए 4 दिन के संघर्ष ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को बड़ी सैन्य सफलता मिली थी। 800 पन्नों की इस रिपोर्ट में कई चौंकाने वाली बातें शामिल हैं। रिपोर्ट में पहलगाम अटैक को आतंकी हमला नहीं, बल्कि विद्रोही हमला करार दिया गया है। USCC का कहना है कि चीन ने भारत-पाक युद्ध का इस्तेमाल अपने आधुनिक हथियारों को लाइव वॉर में टेस्ट करने और दुनिया को दिखाने के लिए किया।

यह भी पढ़ें:- अंबिकापुर में भव्य कार्यक्रम, राष्ट्रपति ने जनजातीय परंपरा और वीरता को किया नमन

रिपोर्ट के मुताबिक लड़ाई खत्म होने के बाद दुनियाभर में चीनी दूतावासों ने अपनी हथियार तकनीक की जमकर तारीफ की और दावा किया कि पाकिस्तान ने इनके इस्तेमाल से भारतीय लड़ाकू विमान गिराए। युद्ध के सिर्फ पांच महीने बाद चीन ने इंडोनेशिया को लगभग 75 हजार करोड़ रुपए में 42 J-10C फाइटर जेट बेचने का समझौता किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान ने संघर्ष के दौरान चीन के आधुनिक हथियारों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया। इसमें HQ-9 एयर डिफेंस सिस्टम, PL-15 मिसाइलें और J-10 फाइटर जेट शामिल हैं।

क्या है USCC ?

भारत ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान को इस दौरान चीन से इंटेलिजेंस सपोर्ट भी मिला। हालांकि पाकिस्तान ने इसे खारिज कर दिया। जबकि चीन ने इस पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 2019-2023 के बीच पाकिस्तान के 82% हथियार चीन से आए हैं। USCC एक बायपार्टिजन अमेरिकी आयोग है, जिसे रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों पार्टियों ने मिलकर बनाया है। इसका काम चीन-अमेरिका के आर्थिक और सुरक्षा संबंधों की निगरानी करना है। हर साल यह रिपोर्ट जारी की जाती है जिसमें चीन की नीतियों, सैन्य ताकत, आर्थिक रणनीति, टेक्नोलॉजी प्रतिस्पर्धा और वैश्विक प्रभाव का आकलन किया जाता है।

चीनी मीडिया ने रिपोर्ट को बताया पक्षपाती

रिपोर्ट का उद्देश्य अमेरिकी कांग्रेस को सुझाव देना है कि चीन से पैदा हो रही चुनौतियों का सामना कैसे किया जाए। चीनी सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने USCC की रिपोर्ट पर सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि रिपोर्ट चीन की आर्थिक, तकनीकी और सैन्य प्रगति को ऐसे पेश करती है जैसे वह दुनिया के लिए खतरा हो। यह दस्तावेज राजनीतिक मकसद से तैयार किया गया है और चीन को लेकर आयोग की सोच गलतफहमियों पर आधारित है। किसी देश की हथियार क्षमता बढ़ाने को गलत ठहराना उसके संप्रभु अधिकारों का अपमान है। (US Report Claim)

चीन ने अमेरिका पर लगाया आरोप

ग्लोबल टाइम्स ने यह भी कहा कि सप्लाई चेन को हथियार की तरह इस्तेमाल करना चीन नहीं, बल्कि अमेरिका करता है। चिप टेक्नोलॉजी पर रोक, कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करना और सहयोगी देशों पर दबाव बनाना इसी नीति का हिस्सा है। चीन की दुर्लभ खनिज नीति दुनिया को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं, बल्कि सप्लाई चेन स्थिर रखने के लिए है। रिपोर्ट को लेकर दोनों देशों की प्रतिक्रियाएं साफ करती हैं कि अमेरिका-चीन संबंधों में तनाव अब आर्थिक और तकनीकी स्तर से आगे बढ़कर सैन्य मूल्यांकन तक पहुंच चुका है। ग्लोबल टाइम्स का कहना है कि अमेरिका बदलती दुनिया को समझने में पिछड़ रहा है और यह रिपोर्ट भी उसी पूर्वाग्रह का उदाहरण है। (US Report Claim)

Back to top button
error: Content is protected !!