बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा जारी, सोते हुए युवक को जिंदा जलाया

Bangladesh Violence : बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला ढाका से करीब 50 किलोमीटर दूर नरसिंगदी शहर का है, जहां एक 23 वर्षीय हिंदू युवक को सोते समय जिंदा जला दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर मुस्लिम-बहुल देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh News : स्वतंत्रता दिवस पर 25 पुलिस अधिकारी-कर्मियों को राष्ट्रपति पदक
मृतक की पहचान चंचल चंद्र भौमिक के रूप में हुई है, जो नरसिंगदी पुलिस लाइंस के पास स्थित एक गैरेज में कर्मचारी के रूप में काम करता था। (Bangladesh Violence)
सोते समय लगाई गई आग
यह घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। काम खत्म करने के बाद चंचल भौमिक गैरेज के अंदर ही सो गया था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने गैरेज में आग लगा दी। गैरेज में पेट्रोल और इंजन ऑयल जैसे ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे युवक की दम घुटने और जलने से मौके पर ही मौत हो गई।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें हमलावरों को आग लगाते हुए देखा गया है। इसे सुनियोजित हत्या माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
क्यों बढ़ रहे हैं हिंदुओं पर हमले
2022 की जनगणना के अनुसार, बांग्लादेश में लगभग 1.31 करोड़ हिंदू रहते हैं, जो देश की कुल आबादी का करीब 7.95 प्रतिशत हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद से हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के दर्जनों मामले सामने आए हैं। भारत ने भी कई बार बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
पहले भी हो चुकी हैं हिंसक घटनाएं
हाल के दिनों में ऐसी घटनाएं लगातार सामने आई हैं। एक सप्ताह पहले गाजीपुर में एक हिंदू मिठाई दुकान मालिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। उसी सप्ताह सिलहट में एक हिंदू के घर को आग के हवाले किया गया, जबकि फेनी जिले में एक हिंदू ऑटो-रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं से हिंदू समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। (Bangladesh Violence)



