जल आवर्धन योजनाओं के लिए 132 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को मिली मंजूरी, पानी की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था होगी बेहतर

Water Augmentation Scheme: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर वित्त विभाग की ओर से अलग-अलग नगरीय निकायों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जल आवर्धन योजनाओं के लिए 132 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री साय की पहल पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से निर्मित की जाने वाली जल आवर्धन योजनाओं से नगरीय निकायों में जल आपूर्ति प्रणाली को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि नागरिकों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री साय से बगिया में मिलने वालों का लगा रहा तांता, पढे़ं पूरी खबर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से जल आवर्धन के लिए प्रस्तावित योजनाओं पर वित्त विभाग ने बलौदाबाजार जिले के भटगांव के लिए 14 करोड़ 66 लाख रुपए, सारंगढ़ के लिए 47 करोड़ 46 लाख रुपए, जांजगीर-चांपा जिले के चांपा के लिए 17 करोड़ 86 लाख रुपए और सारागांव के लिए तीन करोड़ 61 लाख रुपए, कांकेर जिले के चारामा के लिए 19 करोड़ 75 लाख रुपए, कोरबा जिले के कटघोरा के लिए 24 करोड़ 63 लाख रुपए और बीजापुर के लिए चार करोड़ 35 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। (Water Augmentation Scheme)
पानी की गुणवत्ता और वितरण में होगा सुधार
जल आवर्धन योजनाओं से जलापूर्ति संरचना मजबूत होने से जल की गुणवत्ता और वितरण में सुधार होने के साथ ही जल संकट को कम करने में भी मदद मिलेगी। इसके साथ ही नागरिकों का स्वास्थ्य और जीवन स्तर भी बेहतर होगा। ये नई जल आवर्धन योजनाएं जल संसाधनों की उपलब्धता को सुनिश्चित करेंगी। साथ ही स्थानीय विकास और नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होंगी। बता दें कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीणों क्षेत्रों में अभी भी साफ पानी की समस्या बनी हुई है। साफ पानी नहीं मिलने की वजह से लोग कई तरह की बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। (Water Augmentation Scheme)



