सरकारी खाते से 26.87 लाख ट्रांसफर, बैंक क्लर्क गिरफ्तार; बैंक रिकॉर्ड से खुला मामला
मुंगेली में शासकीय खाते से 26.87 लाख रुपये के अनधिकृत लेन-देन के मामले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व लिपिक टिकेश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

मुंगेली। पर्यावरण अधोसंरचना विकास मद के शासकीय बैंक खाते से 26 लाख 87 हजार रुपये के कथित अनधिकृत लेन-देन के मामले में मुंगेली पुलिस ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंगेली शाखा में पदस्थ रहे बैंक लिपिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान टिकेश कुमार (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 23 सितंबर को गिरफ्तार किया और 24 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत BNS की धारा 318(4) और 316(5) में मामला दर्ज किया गया है। कलेक्टर के आदेश के बाद शासकीय खाते में हुए संदिग्ध लेन-देन की जांच शुरू की गई थी।
सात बार हुआ अनधिकृत लेन-देन
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 30 सितंबर 2025 से 8 अक्टूबर 2025 के बीच शासकीय खाते से कुल सात बार अनधिकृत ट्रांजेक्शन किए गए। पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को खाते से आरोपी के व्यक्तिगत बैंक खाते में 8.50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
इसके बाद 1 अक्टूबर को मंजुलता पटेल के बैंक खाते में 9.19 लाख और 9.18 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 26.87 लाख रुपये के लेन-देन की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, इसमें से 1 लाख 61 हजार 500 रुपये की अतिरिक्त राशि बाद में शासन के खाते में वापस जमा कराई गई।
बैंकिंग कार्यों की जिम्मेदारी संभालता था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, टिकेश कुमार 29 अगस्त 2022 से 27 जनवरी 2026 तक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंगेली शाखा में लिपिक के पद पर पदस्थ था। उसके जिम्मे ग्राहक KYC, मोबाइल नंबर लिंकिंग, खाता संचालन तथा NEFT/RTGS सहित राशि अंतरण से जुड़े बैंकिंग कार्य थे।
जांच में यह भी सामने आया कि बैंक मैनेजर के निर्देश पर पर्यावरण अधोसंरचना विकास मद के बंद शासकीय खाते को दोबारा सक्रिय कराया गया था। इसके बाद इसी खाते से संदिग्ध लेन-देन किए जाने की जानकारी सामने आई।
CBS रिकॉर्ड और बैंक दस्तावेजों की जांच
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राशि का ट्रांसफर बैंक मैनेजर के अप्रूवल के बाद CBS प्रणाली के माध्यम से किया गया था। पुलिस ने आरोपी के बयान के साथ बैंकिंग दस्तावेज, CBS रिकॉर्ड और ट्रांजेक्शन से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका प्रथम दृष्टया सामने आने के बाद मामले में BNS की धारा 316(5) भी जोड़ी गई।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला तथा SDOP आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस ने संबंधित बैंक खातों, ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। शासकीय खाते से हुए लेन-देन में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े :- e-KYC नहीं करने पर 1 अक्टूबर से नहीं मिलेगी LPG सिलेंडर पर सब्सिडी, घर बैठे ऐसे करें e-KYC



