गोपाल खेमका हत्या के 3 दिन बाद बड़ी कार्रवाई: गोली चलाने वाला गिरफ्तार, एक आरोपी एनकाउंटर में मारा गया

Gopal Khemka Murder Case : चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड (Gopal Khemka Murder Case) में बिहार पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को इस मामले में एक आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया गया, जबकि शूटर उमेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही, हत्या की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
उदयगिरी अपार्टमेंट से दो गिरफ्तार
पुलिस ने उदयगिरी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 601 में छापेमारी कर उमेश यादव और अशोक नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उमेश वही व्यक्ति है जिसने गोपाल खेमका पर गोली चलाई थी। वहीं अशोक पर हत्या की सुपारी देने का शक जताया गया है।
एनकाउंटर में एक और आरोपी ढेर
एसटीएफ ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया है। फिलहाल उस आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि वह भी हत्या की साजिश में सक्रिय रूप से शामिल था।
जमीन विवाद हो सकता है हत्या की वजह
पुलिस को शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि हत्या के पीछे जमीन से जुड़ा विवाद मुख्य कारण हो सकता है। जांच की दिशा इसी एंगल पर आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई थी।
गौरतलब है कि कारोबारी गोपाल खेमका की शुक्रवार रात 11:40 बजे उनके घर के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। हमले के समय खेमका अपने घर के गेट के पास खड़े थे।
यह भी उल्लेखनीय है कि सात साल पहले, हाजीपुर में खेमका के बेटे की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब पिता की हत्या ने परिवार को एक बार फिर गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस का बयान
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को पुलिस सुनियोजित अपराध मानकर देख रही है। (Gopal Khemka Murder Case)



