प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से की 2 बड़ी घोषणाएं, GST घटाने और रोजगार के लिए नई योजना का ऐलान

PM Modi Announcement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि मेरी कामना है कि यह सुअवसर सभी देशवासियों के जीवन में नया जोश और नई स्फूर्ति लेकर आए, जिससे विकसित भारत के निर्माण को नई गति मिले। जय हिंद! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से 2 बड़ी घोषणाएं की है। उन्होंने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लॉन्च की। साथ ही दिवाली तक टैक्स कम करने वाली GST रिफॉर्म्स स्कीम लाने की बात कही। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस दिवाली मैं आपके लिए डबल दिवाली का काम करने वाला हूं। पिछले 8 सालों में हमने GST में बड़ा सुधार किया है। हम नेक्स्ट जनरेशन GST सुधार लेकर आ रहे हैं। सामान्य मानवी की जरूरतों के टैक्स भारी मात्रा में कम कर दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- हम स्वदेशी मजबूरी में नहीं, मजबूती के साथ उपयोग करेंगे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज 15 अगस्त के दिन मेरे देश के युवाओं के लिए 1 लाख करोड़ रुपए की योजना हम शुरु कर रहे हैं। आज से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू हो रही है। इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले नौजवानों को सरकार की ओर से 15,000 रुपए दिए जाएंगे। जो कंपनियां अधिक रोजगार के अवसर पैदा करेंगी, उन्हें प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। मां भारती के प्रति कर्तव्य निभाना पूजा से कम नहीं है, तपस्या से कम नहीं है, आराधना से कम नहीं है। उसी भाव से हम सब मातृभूमि के कल्याण के लिए, परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए, 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को पार करने के लिए अपने आप को खपा देंगे, अपने आप को झोंक देंगे। (PM Modi Announcement)
देशवासियों के सामर्थ्य से आगे बढ़ते ही रहेंगे: PM मोदी
उन्होंने कहा कि हम 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से आगे बढ़ते ही रहेंगे। पिछले 11 सालों में राष्ट्र सुरक्षा, राष्ट्र रक्षा और राष्ट्र के नागरिकों की रक्षा के मोर्चों पर हमने पूरे समर्पण भाव से काम किया है। हम बदलाव लाने में सफल हुए हैं। मैं देश के सभी इन्फ्लुएंसरर्स से कहना चाहता हूं कि इस मंत्र को आगे बढ़ाने में मेरी मदद कीजिए। मैं सभी राजनीतिक दलों को, सभी नेताओं को कहता हूं कि आइए, ये किसी राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं है, भारत हम सबका है, हम मिलकर लोकल फॉर वोकल के मंत्र को हर नागरिक के जीवन का मंत्र बनाएं। ये आगे बढ़ने का अवसर है, बड़े सपने देखने का अवसर है, बड़े संकल्पों के लिए समर्पित होने का अवसर है। अब देश रुकना नहीं चाहता है, आगे बढ़ना चाहता है। (PM Modi Announcement)
एक-एक पल की कीमत है: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक-एक पल की कीमत है और हम एक भी पल गंवाना नहीं चाहते। नेक्स्ट जनरेशन रिफॉर्म के लिए हमने एक टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया है। ये टास्क फोर्स समय सीमा में इस काम को पूरा करे। वर्तमान नियम, कानून, नीतियां, रीतियां, 21वीं सदी के अनुकूल, वैश्विक वातावरण के अनुकूल और भारत को 2047 में विकसित राष्ट्र बनाने के संदर्भ में इस टास्क फोर्स की रचना की गई है। इतनी ही जमीन, लेकिन व्यवस्थाएं बदलीं, पानी पहुंचने लगा, अच्छे बीज मिलने लगे, किसानों को अच्छी सुविधाएं मिलने लगीं, तो मेरे देश का किसान अपना सामर्थ्य बढ़ा रहा है। विकास के लिए खेल का भी महत्व होता है और मुझे खुशी है कि आज अगर बच्चे खेलकूद में रुचि लेते हैं, तो मां-बाप गर्व से भर जाते हैं। मैं इसे देश के भविष्य के लिए बहुत शुभ संकेत मानता हूं। खेल को बढ़ावा देने के लिए हम कई दशकों के बाद देश में खेलो भारत नीति को लेकर आए हैं, ताकि खेल जगत का सर्वांगीण विकास का प्रयास हो। (PM Modi Announcement)
पूरा इकोसिस्टम डेवल्प करना चाहते हैं: PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि स्कूल से लेकर ओलंपिक तक हम एक पूरा इकोसिस्टम डेवल्प करना चाहते हैं। आजादी का ये महापर्व, 140 करोड़ संकल्पों का पर्व है। आजादी का ये पर्व सामूहिक सिद्धियों के गौरव का पल है। हर हृदय उमंग से भरा हुआ है। देश एकता की भावना को निरंतर मजबूती दे रहा है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज कहा कि भारत सिर्फ स्वतंत्र भारत नहीं, बल्कि समृद्ध और विकसित भारत बन रहा है। पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश एक मजबूत अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। हम सब जानते हैं कि ये आजादी, हम सबको हमारे लाखों, करोड़ों देशभक्त स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व लुटाकर और बलिदान देकर दिलाई। इसलिए आज के दिन उनको याद करना हमारी जिम्मेदारी भी बनती है और उनके प्रति देश कृतज्ञ भी है। (PM Modi Announcement)



