Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के लगाए गए वोट चोरी के आरोप गलत और निराधार है: चुनाव आयोग

Election Commission on Rahul: भारत के चुनाव आयोग (ECI) ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के लगाए गए “वोट चोरी” के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। आयोग ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि “राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप गलत और निराधार हैं। किसी भी वोट को जनता के किसी सदस्य द्वारा ऑनलाइन हटाया नहीं जा सकता, जैसा कि उन्होंने गलत धारणा बनाई है। प्रभावित व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दिए बिना कोई भी विलोपन संभव नहीं है। राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि उन्होंने “10 प्रतिशत प्रमाण” के आधार पर यह कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार वोट चोरों की रक्षा कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- लोकतंत्र को नष्ट करने वालों को बचा रहे हैं मुख्य चुनाव आयुक्त: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 

उन्होंने दावा किया कि एक संगठित गिरोह सॉफ्टवेयर के माध्यम से असली मतदाताओं की पहचान चुराकर, उनकी जगह नकली पहचान से मतदाता सूची से नाम हटा रहा है। राहुल गांधी ने कर्नाटक के अलंद विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा, “अलंद में 6018 वोट हटाने की कोशिश की गई। हमें नहीं पता कि 2023 के चुनावों में कितने वोट हटाए गए, लेकिन यह मामला संयोग से पकड़ में आ गया। बूथ लेवल ऑफिसर ने पाया कि उसके चाचा का नाम मतदाता सूची से गायब है। चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा कि 2023 में अलंद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को हटाने के कुछ असफल प्रयास जरूर किए गए थे। (Election Commission on Rahul)

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों की जांच के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर स्वयं एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी। चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना प्रभावित व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दिए कोई भी वोट हटाया नहीं जा सकता। आयोग ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए गए आरोप भी बेबुनियाद और गलत हैं। चुनाव आयोग ने तथ्यों को स्पष्ट करते हुए यह भी बताया कि अलंद विधानसभा क्षेत्र से 2018 में भाजपा के सुभाध गुट्टेदार ने चुनाव जीता था। जबकि 2023 में कांग्रेस के बीआर पाटिल ने इस सीट पर जीत दर्ज की।

विपक्ष के अन्य आरोप

राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दल लंबे समय से यह आरोप लगाते आ रहे हैं कि चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत से मतदाता सूची में हेरफेर की जा रही है, जिसमें फर्जी नाम जोड़े जा रहे हैं और वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि इस तरह की धांधली महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों और कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र सहित कई अन्य स्थानों पर भी की गई है। भारत के चुनाव आयोग ने स्पष्ट रूप से राहुल गांधी के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है और कहा है कि मतदाता सूची से किसी का नाम हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह से विधिसम्मत और नियंत्रित होती है। किसी भी तरह की अनियमितता पर आयोग स्वयं कार्रवाई करता है, जैसा कि 2023 के अलंद मामले में हुआ था। (Election Commission on Rahul)

Back to top button
error: Content is protected !!