Google Analytics —— Meta Pixel

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में लैंडस्लाइड से तबाही, 28 लोगों की मौत, घर बहे, हजारों पर्यटक फंसे

Death in Darjeeling Landslide: पश्चिम बंगाल के पहाड़ी जिले दार्जिलिंग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी। बारिश के बाद कई इलाकों में लैंडस्लाइड हुआ, जिससे दर्जनों घर मलबे में दब गए और 28 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 7 बच्चे भी शामिल हैं। कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लगातार बारिश के चलते दार्जिलिंग और सिक्किम का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क टूट गया है, जबकि हजारों पर्यटक होटलों में फंसे हुए हैं। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण दार्जिलिंग-कर्सियांग के बीच नेशनल हाइवे का एक बड़ा हिस्सा बह गया है।

यह भी पढ़ें:- कटक में दुर्गा विसर्जन के दौरान बवाल, 10 पुलिसकर्मियों समेत 31 घायल, दूसरे दिन भी इंटरनेट बंद

वहीं मिरिक और दूधिया के पास लोहे का पुल टूट जाने से दार्जिलिंग-सिलीगुड़ी का वैकल्पिक मार्ग भी बंद हो गया है। अलीपुरदुआर में रेल ट्रैक जलमग्न होने से तीन ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आने वाले 24 घंटे हालात और बिगड़ सकते हैं। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में भारी बारिश से कई चाय बागान जलमग्न हो गए हैं। इलाके में बिजली और मोबाइल नेटवर्क भी बाधित हैं। हजारों की संख्या में देश-विदेश से आए पर्यटक होटलों में फंसे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने सेना और NDRF की टीमों को राहत कार्य में लगाया है। (Death in Darjeeling Landslide)

1998 के बाद सबसे ज्यादा बारिश दर्ज

मौसम विभाग के मुताबिक दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में करीब 16 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो 1998 के बाद सबसे ज्यादा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उत्तर बंगाल की स्थिति पर पुलिस, DG, हम सभी निगरानी कर रहे थे। अगर बिहार में बारिश होती है तो फरक्का से पानी आता है, अगर उत्तर प्रदेश में बारिश होती है तो गंगा में पानी आता है, अगर यहां भारी बारिश होती है तो यह पानी कहां जाएगा ? आप डिसिल्टेशन क्यों नहीं कर रहे हैं ? उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने दार्जिलिंग में भारी बारिश और भूस्खलन के बाद हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है। (Death in Darjeeling Landslide)

उपराष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारी बारिश और भूस्खलन के बाद दार्जिलिंग में पुल दुर्घटना में हुई जनहानि से अत्यंत व्यथित हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दार्जिलिंग और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है, जो भारी बारिश और भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। PM मोदी ने प्रभावित क्षेत्रों को हर संभव सहायता प्रदान करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और प्राकृतिक आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के बीच समन्वित प्रयासों पर बल दिया। (Death in Darjeeling Landslide)

एक्स पर पोस्ट में PM मोदी ने लिखा कि अधिकारी दार्जिलिंग और आसपास के भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग में पुल दुर्घटना में हुई जनहानि से बहुत दुख हुआ है, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण दार्जिलिंग और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। हम प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। (Death in Darjeeling Landslide)

भाजपा नेता दिलीप घोष ने दार्जिलिंग भूस्खलन की घटना पर कहा कि इसका कारण यह है कि सालों से न तो नालों, और न नदियों की सफाई हुई है। TMC नेताओं ने जमीन पर अतिक्रमण करके उसे लोगों को बेच दिया है। उत्तर बंगाल पूरी तरह से बाढ़ में डूब गया है, वे(TMC) किसे दोष देंगे? यहां कार्निवल हो रहा है, लेकिन उत्तर बंगाल के लोग बह रहे हैं। मुख्यमंत्री हर जगह जाती हैं और बस तस्वीरें खिंचवाती हैं। अब वे कहेंगी कि इतना कुछ बर्बाद हो गया है, केंद्र सरकार को पैसा देना चाहिए, यह उनकी मांग होगी और फिर एक आंदोलन शुरू होगा कि सरकार ने पैसा नहीं दिया, उनकी कोई ज़िम्मेदारी नहीं है। उत्तर बंगाल में जहां भी बाढ़ आई है, भाजपा के लोग वहां मौजूद हैं, लोगों की मदद कर रहे हैं, लेकिन सरकार कहां है ? (Death in Darjeeling Landslide)

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह खुशी का समय नहीं है, मुख्यमंत्री को कार्निवल छोड़कर उत्तर बंगाल के लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए था, लेकिन अगर कोई इस सरकार से मानवीय दृष्टिकोण की उम्मीद करता है तो वह मूर्ख है। भाजपा को इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है, जनता भी जानती है कि यह सरकार एक निकम्मी सरकार है। इस सरकार ने अम्फान (चक्रवात) से कुछ नहीं सीखा, आपदा प्रबंधन टीम की कोई भूमिका नहीं है। उत्तर बंगाल में NDRF तैनात है, गृह मंत्री, प्रधानमंत्री हर पल अपडेट ले रहे हैं। ऐसी प्राकृतिक आपदा के दौरान राज्य की मुख्यमंत्री से जो संवेदनशीलता की उम्मीद की जाती है, वह उनमें नहीं है। जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के चलते स्कूल शिक्षा निदेशालय, जम्मू (DSEJ) ने 7 अक्टूबर को सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। इसके साथ श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने भी खराब मौसम के चलते 7 अक्टूबर तक यात्रा को स्थगित कर दिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!