Google Analytics —— Meta Pixel

ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को हुआ भारी नुकसान, आतंकियों के साथ LoC पर 100 से ज्यादा पाक सैनिक भी हुए थे ढेर: जनरल राजीव घई

Lieutenant General Rajiv Ghai: भारतीय सेना के डिप्टी चीफ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने दिल्ली में आयोजित UNTCC सम्मेलन में ऑपरेशन सिंदूर के बारे में 32 देशों के सैन्य अध्यक्षों को जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर चलाना अनिवार्य था। उन्होंने बताया कि भारतीय सेनाओं ने इस हमले को लेकर पहले से तैयारी कर ली थी। लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा कि पाकिस्तान सेना के मरणोपरांत दिए गए पुरस्कारों की सूची से स्पष्ट होता है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एलओसी पर पाकिस्तान के 100 से ज्यादा सैनिक मारे गए।

यह भी पढ़ें:- भारत ने युद्ध और आतंकवाद जैसी चुनौतियों से निपटने का रोडमैप किया पेश, रक्षा मंत्री ने 4C सिद्धांत पर दिया जोर

घई ने कहा कि हमले का जवाब देर से दिया गया, लेकिन यह सोच-समझकर लिया गया कदम था। उन्होंने आगे कहा कि मई में हुए संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने 12 विमान खो दिए, जिसकी जानकारी वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने भी पहले दी थी। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकियों ने हमला किया, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या हुई। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान के आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया। इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। लेफ्टिनेंट जनरल घई ने बताया कि 9 और 10 मई की रात भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी ठिकानों पर सटीक हमले किए, जिसमें 11 हवाई ठिकानों, 8 हवाई अड्डों, 3 हैंगर और 4 रडार को नुकसान पहुंचा। जमीन पर भी पाकिस्तानी हवाई संपत्तियों को नुकसान हुआ, जिसमें एक C-130 श्रेणी का विमान, 1 AEW&C विमान और 4-5 लड़ाकू विमान शामिल हैं।

तीन आतंकियों को ढूंढने में लगे 96 दिन: घई

लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा कि पहलगाम हमले में शामिल 3 आतंकियों को ढूंढने में 96 दिन लगे, लेकिन उन्हें चैन से नहीं बैठने दिया गया। जब ये तीन आतंकवादी मार गिराए गए तो ऐसा लगा जैसे वे भागते-भागते थक गए हों। उन्होंने बताया कि DGMO के बातचीत के बावजूद पाकिस्तान ने ड्रोन भेजकर हमारे जवानों और सामान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सब प्रयास नाकाम रहे। 22 अप्रैल से 6-7 मई तक भारतीय सेना ने सीमा पर सतर्कता बढ़ाई। एयर डिफेंस और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध उपकरणों को तैनात किया गया। आर्मी चीफ ने पूरी छूट दी कि कैसे और कब हमला किया जाए। (Lieutenant General Rajiv Ghai)

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की स्थिति

घई ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की समस्या 1980 के दशक के अंत में शुरू हुई। तब से अब तक 28,000 से ज्यादा आतंकवादी घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि 1990 के दशक से 1 लाख से ज्यादा अल्पसंख्यक जम्मू-कश्मीर छोड़ने के लिए मजबूर हुए, और 60 हजार से अधिक परिवारों का पलायन हुआ। इसी दौरान 15,000 निर्दोष नागरिक और 3,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी मारे गए। घई ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर रातोंरात नहीं हुआ। उन्होंने 2001 के संसद हमले का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी भारत को सीमाओं पर लामबंदी करनी पड़ी थी, लेकिन कार्रवाई तुरंत नहीं की गई। UNTCC का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। यह कार्यक्रम 14 से 16 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें 30 से ज्यादा देशों के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व भाग ले रहे हैं। सम्मेलन सहयोग और स्वदेशी तकनीकों के उपयोग पर केंद्रित है, ताकि शांति मिशन अधिक प्रभावी और भविष्य के लिए तैयार हों।

आतंकियों के 9 ठिकानों पर एयर स्ट्राइक

एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने 3 अक्टूबर को कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के करीब 12-13 विमान तबाह हुए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान यह सोचने दे कि उन्होंने हमारे कितने जेट मार गिराए, लेकिन हम वास्तविक नुकसान की जानकारी सार्वजनिक नहीं करेंगे। भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में 7 मई को रात डेढ़ बजे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकियों के 9 ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक भारत ने कोटली, बहावलपुर, मुरीदके, बाग और मुजफ्फराबाद में हमले किए। इसमें लश्कर-ए-तैयबा का हेडक्वार्टर और जैश-ए-मोहम्मद के मुखिया मसूद अजहर का ठिकाना भी शामिल था। (Lieutenant General Rajiv Ghai)

Back to top button
error: Content is protected !!