आसियान समिट से पहले PM मोदी का मलेशिया दौरा रद्द, कांग्रेस बोली- ट्रंप से आमना-सामना से बच रहे प्रधानमंत्री

Congress on PM Modi: मलेशिया में होने वाले आसियान समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात नहीं होगी। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी का मलेशिया दौरा टल गया है। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। इसे लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह कदम डोनाल्ड ट्रंप से आमना-सामना करने से बचने के लिए उठाया है। उन्होंने दावा किया कि मोदी ट्रंप के सामने घिरना नहीं चाहते।
यह भी पढ़ें:- अब पाकिस्तान कोई भी दुस्साहस करने से पहले सौ बार सोचेगा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा- पिछले कई दिनों से अटकलें चल रही थीं कि प्रधानमंत्री मोदी कुआलालंपुर सम्मेलन में जाएंगे या नहीं ? अब यह लगभग तय हो गया है कि प्रधानमंत्री वहां नहीं जाएंगे। इसका मतलब है कि कई विश्व नेताओं से गले मिलने, फोटो खिंचवाने और खुद को विश्वगुरु बताने के कई मौके हाथ से निकल गए। PM मोदी के वहां नहीं जाने की वजह साफ है- वे राष्ट्रपति ट्रंप के सामने नहीं आना चाहते, जो वहां मौजूद होंगे। उन्होंने कुछ हफ्ते पहले मिस्र में गाजा शांति शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण भी इसी वजह से ठुकरा दिया था। सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति ट्रंप की तारीफ में संदेश पोस्ट करना एक बात है, लेकिन उस व्यक्ति के साथ आमने-सामने होना, जिसने 53 बार ऑपरेशन सिंदूर रोकने का दावा किया है और पांच बार यह कहा है कि भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद करने का वादा किया है यह दूसरी बात है। यह उनके लिए काफी जोखिम भरा है।
रमेश ने 22 अक्टूबर को भी साधा था निशाना
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शायद अब उस पुराने हिट बॉलीवुड गाने को याद कर रहे होंगे बच के रहना रे बाबा, बच के रहना। इससे पहले जयराम रमेश ने 22 अक्टूबर को कहा था कि प्रधानमंत्री ने आखिरकार सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार किया है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें फोन किया था और दोनों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन प्रधानमंत्री ने सिर्फ इतना बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने उन्हें दीवाली की शुभकामनाएं दी, जहां प्रधानमंत्री मोदी बातों को छुपा जाते हैं, वहीं राष्ट्रपति ट्रंप उन्हें उजागर कर देते हैं। अपनी ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि दीवाली की शुभकामनाओं के अलावा, उन्होंने रूस से भारत के तेल आयात के बारे में भी बात की और उन्हें यह आश्वासन दिया गया कि ये आयात बंद कर दिए जाएंगे। पिछले छह दिनों में यह चौथी बार है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत की नीति की घोषणा की है।
पहली बार आसियान समिट में शामिल नहीं होंगे PM
इससे पहले भी राष्ट्रपति ट्रंप ने 10 मई की शाम को ऑपरेशन सिंदूर को रोकने की घोषणा प्रधानमंत्री मोदी से पहले ही कर दी थी। कांग्रेस सांसद ने कहा कि पिछले छह दिनों में राष्ट्रपति ट्रंप ने चार अलग-अलग बार कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से बात की, जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि भारत रूसी तेल खरीदना बंद कर देगा। हमें पहले राष्ट्रपति ट्रंप से ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी मिली, और अब हमें राष्ट्रपति ट्रंप से रूसी तेल के बारे में भी जानकारी मिल रही है। प्रधानमंत्री मोदी क्या छिपा रहे हैं? उन पर कौन सा दबाव है? उन्हें किस बात का डर है? ‘हाउडी मोदी – नमस्ते ट्रंप’ पूरी तरह से खराब हो गया है। बता दें कि PM बनने के बाद से मोदी अब तक 12 बार आसियान समिट में शामिल हो चुके हैं। 2020 और 2021 में दो साल तक आसियान समिट का आयोजन वर्चुअल हुआ था, तब PM मोदी इसमें ऑनलाइन शामिल हुए थे। यह पहली बार होगा जब PM मोदी आसियान समिट में हिस्सा लेने नहीं जाएंगे।



