Google Analytics —— Meta Pixel

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑर्डर ऑफ ओमान से सम्मानित, PM को अब तक 29 अंतरराष्ट्रीय सम्मान

PM Modi Honored in Oman: ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत-ओमान संबंधों में असाधारण योगदान, गहरे द्विपक्षीय रिश्तों को सशक्त करने और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए ‘द फर्स्ट क्लास ऑफ द ऑर्डर ऑफ ओमान’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान ओमान का उच्चतम नागरिक सम्मान माना जाता है और इसे वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित नेताओं को दिया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह सम्मान भारत और ओमान के सदियों पुराने मित्रवत संबंधों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान दोनों देशों के बीच साझा विश्वास और प्रेम का प्रतीक है, जो 1.4 बिलियन भारतीयों और ओमानवासियों के बीच मजबूत भावनाओं को दर्शाता है।

यह भी पढ़ें:- राजधानी रायपुर में 24 घंटे के भीतर दो हत्याएं, आरोपियों के हौसले बुलंद, पढ़ें पूरी खबर

PM मोदी ने ट्वीट कर कहा कि ऑर्डर ऑफ ओमान पाकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस सम्मान के लिए सुल्तान हैथम बिन तारिक, ओमान की सरकार और लोगों का आभार। यह भारत और ओमान के लोगों के बीच स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। सदियों से हमारे पूर्वज एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, एक-दूसरे के साथ समुद्री व्यापार करते रहे हैं। अरब सागर हमारे देशों के बीच एक मजबूत पुल बन गया है। मैं यह सम्मान भारत के लोगों को समर्पित करता हूं। मैं यह सम्मान अपने उन पूर्वजों को भी समर्पित करता हूं, जिन्होंने मांडवी से मस्कट तक यात्रा करके इस रिश्ते की नींव रखी। यह सम्मान उन नाविकों को भी समर्पित है जिन्होंने सदियों के आदान-प्रदान से दोनों देशों की प्रगति में योगदान दिया है। (PM Modi Honored in Oman)

ओमान और भारत के बीच राजनयिक संबंधों को 70 साल पूरे होने की बात विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी गई। सुल्तान हैथम बिन तारिक ने कहा कि PM मोदी का योगदान दोनों देशों के साझा हितों, सुरक्षा, ऊर्जा, व्यापार व सांस्कृतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले गया है। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को इस सम्मान के लिए बधाई दी और कहा कि यह सम्मान मोदी के दैशिक नेतृत्व, अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता और भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का बड़ा प्रमाण है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह भारत की वैश्विक भूमिका, आत्मनिर्भरता और शांति के लिए सहयोगी नीति का सशक्त संकेत है।

उन्होंने यह भी बताया कि यह PM मोदी का 29वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो भारत की विश्व स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज न केवल आर्थिक, तकनीकी और सामरिक दृष्टि से सशक्त हुआ है, बल्कि वैश्विक शांति, स्थिरता और सहयोग के क्षेत्र में भी नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है। यह सम्मान प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है और भारत माता के मस्तक को गौरव से ऊंचा करता है। ओमान से पहले इथियोपिया में PM मोदी को 16 दिसंबर 2025 को देश का उच्चतम नागरिक सम्मान ‘The Great Honour Nishan of Ethiopia’ से सम्मानित किया गया था। (PM Modi Honored in Oman)

अब तक 29 अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित

यह सम्मान उन्हें भारत-इथियोपिया साझेदारी को सुदृढ़ करने और दूरदर्शी वैश्विक नेतृत्व के लिए दिया गया। इस समारोह का आयोजन आदिस अबाबा में हुआ, जहां इथियोपियाई प्रधानमंत्री अबिय अहमद ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। इथियोपिया की ओर से यह सम्मान उन्हें देने का निर्णय दोस्ताना और रणनीतिक दृष्टिकोण की प्रशंसा के रूप में लिया गया, और PM मोदी के नेतृत्व में भारत के अफ्रीकी साझेदारी को बहुत बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा गया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक 29 अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार के अलावा कई प्रतिष्ठित वैश्विक पुरस्कार शामिल हैं। सम्मान देने वालों में यूरोप, एशिया, अफ्रीका, अमेरिका और ओशिनिया महाद्वीपों के देश शामिल हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!