पाकिस्तान में मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी से फिर मारपीट, सुरक्षाकर्मियों पर बदसलूकी का आरोप

CM Assaulted in Pakistan: पाकिस्तान की पंजाब विधानसभा में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के साथ फिर मारपीट हुई है। सुरक्षाकर्मियों ने धक्का-मुक्की और बदसलूकी की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी अपने प्रतिनिधियों के साथ पंजाब विधानसभा में प्रवेश कर रहे थे। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। हालात तब और बिगड़ गए जब अफरीदी के करीबी सहयोगी फतेह उल्लाह बुर्की बीच-बचाव के लिए आगे आए। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों और अफरीदी के प्रतिनिधियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें:- 31 दिसंबर तक निपटा लें ये 4 जरूरी काम, नहीं तो हो सकता है बड़ा नुकसान
घटना के बाद मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने कहा कि कोई भी लोकतांत्रिक सरकार ऐसा व्यवहार नहीं करती। यह सीधे-सीधे मार्शल लॉ जैसा रवैया है। पाकिस्तान में लोकतंत्र गंभीर खतरे में है। आरोप है कि सुरक्षागार्डों ने अफरीदी के प्रतिनिधि फतेह उल्लाह बुर्की के साथ भी मारपीट की और उन्हें धक्का देकर विधानसभा से बाहर निकालने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद बुर्की को छोड़ दिया गया। पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। (CM Assaulted in Pakistan)
पंजाब में नकली सरकार का आरोप
बता दें कि पंजाब प्रांत में पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) की सरकार है और मुख्यमंत्री मरियम नवाज के नेतृत्व में प्रशासन चल रहा है। वहीं KP के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) से जुड़े हैं। दोनों प्रांतों की सरकारों के बीच राजनीतिक तनातनी पहले से ही चल रही है। घटना के बाद अफरीदी ने कहा कि लाहौर समेत कई इलाकों में PTI कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में एक नकली सरकार है, जो सिर्फ एक पार्टी को डराने और धमकाने का काम कर रही है। (CM Assaulted in Pakistan)
एक महीने पहले भी हो चुकी है मारपीट
अफरीदी ने दावा किया कि चक्री और मंडी बहाउद्दीन में PTI कार्यकर्ताओं के रास्ते रोके गए, उनके वाहन जब्त किए गए, कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया और सांसदों के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ। यह पहला मौका नहीं है जब मुख्यमंत्री अफरीदी के साथ ऐसा व्यवहार हुआ हो। इससे पहले 28 नवंबर को वे रावलपिंडी की अडियाला जेल में इमरान खान से मिलने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उनके साथ मारपीट की थी। आरोप है कि पुलिस ने उनके बाल खींचे और उन्हें जमीन पर गिरा दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उस समय जेल के बाहर भारी सुरक्षाबल तैनात था और PTI समर्थकों की भीड़ लगातार बढ़ रही थी। बताया जा रहा है कि हालात बिगड़ने के बाद यह कार्रवाई की गई।
CM अफरीदी की कुर्सी पर खतरा ?
इस पूरे घटनाक्रम के बीच संकेत मिल रहे हैं कि मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी की कुर्सी खतरे में पड़ सकती है। पाकिस्तान के न्याय राज्य मंत्री अकील मलिक ने 1 दिसंबर को बयान देते हुए कहा था कि खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा और प्रशासन की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा था कि KP के मुख्यमंत्री वहां हालात सुधारने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं। न तो केंद्र सरकार से उनका तालमेल है और न ही वे जरूरी कार्रवाई कर पा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पंजाब विधानसभा की घटना से पाकिस्तान की राजनीति में टकराव और तेज हो सकता है और आने वाले दिनों में इसका असर केंद्र और प्रांतीय राजनीति दोनों पर पड़ सकता है।



