मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का शाह पर पलटवार, कहा- बंगाल में जानकारी इकट्ठा करने आया है शकुनि का चेला दुशासन

Mamta Banerjee on Shah: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर पलटवार किया है। साथ ही SIR को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि SIR के नाम पर पूरे राज्य में आम लोगों को परेशान किया जा रहा है। यह पूरी प्रक्रिया राजनीतिक फायदे के लिए जल्दबाजी में लागू की जा रही है। बांकुरा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शकुनि का चेला दुशासन बंगाल में जानकारी इकट्ठा करने आया है। जैसे ही चुनाव आते हैं, दुशासन और दुर्योधन दिखने लगते हैं। आज BJP वाले कह रहे हैं कि ममता बनर्जी ने जमीन नहीं दी। पेट्रापोल और अंडाल में जमीन किसने दी ? वे कहते हैं कि घुसपैठिए सिर्फ बंगाल से ही आते हैं। अगर ऐसा है तो क्या आपने पहलगाम में हमला किया था ? दिल्ली में हुई घटना के पीछे कौन था ?
यह भी पढ़ें:- ममता सरकार पर जमकर बरसे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कहा- घुसपैठ सिर्फ बंगाल नहीं, देश की सुरक्षा का सवाल
CM ममता ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आरोपों को खारिज करते हुए कहा- I don’t care। CM बनर्जी ने दावा किया कि केंद्र सरकार यह कह रही है कि राज्य में करीब 1.5 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे, जबकि अब तक 54 लाख नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR जैसी प्रक्रिया में आमतौर पर दो साल का समय लगता है, लेकिन चुनाव जीतने की जल्दबाजी में इसे जल्दबाजी में लागू किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के तहत राजबंशी, मतुआ और आदिवासी समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। ममता ने पुरुलिया की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सुनवाई के लिए बुलाए जाने के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई। उन्होंने BLO पर दबाव डालने का भी आरोप लगाया और कहा कि इस दबाव की वजह से कई लोगों की जान गई है।
घुसपैठ और सुरक्षा पर केंद्र से सवाल
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि अगर आधार कार्ड मौजूद है तो फिर बार-बार नाम क्यों काटे जा रहे हैं? उन्होंने जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं, उनसे दोबारा आवेदन करने और फॉर्म-7 व फॉर्म-8 भरने की अपील की। ममता ने आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठा भाजपा आईटी सेल का एक व्यक्ति जानबूझकर नाम कटवा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में आतंक और घुसपैठ की बात की जा रही है तो कश्मीर के पहलगाम और दिल्ली की घटनाओं की जिम्मेदारी भी केंद्र को लेनी चाहिए। जमीन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दावा गलत है कि राज्य सरकार जमीन उपलब्ध नहीं कराती। ममता ने कहा कि रेलवे के सभी प्रोजेक्ट राज्य सरकार की ओर से जमीन देने के बाद ही पूरे हुए हैं। कोयला खनन के लिए ईसीएल को भी राज्य ने जमीन दी है। इसके अलावा पेट्रापोल, चांग्राबांध, अंडाल और अन्य सीमावर्ती इलाकों में भी आवश्यक जमीन उपलब्ध कराई गई है।

ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने 100 दिन का काम, सर्व शिक्षा अभियान जैसी कई केंद्रीय योजनाएं रोक दी हैं और योजनाओं के नाम बदलकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में औद्योगीकरण, हाईवे निर्माण और हर जिले में शॉपिंग मॉल बनाने का काम चल रहा है, जहां स्वयं सहायता समूहों को बिना किराए जगह दी जाएगी। दरअसल, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं और विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में उन्होंने कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। शाह ने आरोप लगाया था कि ममता सरकार घुसपैठ रोकने में विफल रही है और टीएमसी के 15 साल के शासन में लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने कहा था कि अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनी तो परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। (Mamta Banerjee on Shah)
साकेत गोखले का भी पलटवार
शाह ने यह भी आरोप लगाया कि ममता सरकार चुनावी फायदे के लिए बांग्लादेशियों की घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है और राज्य में केंद्र की योजनाएं डेड एंड पर पहुंच गई हैं। टीएमसी के राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने भी घुसपैठ के मुद्दे पर अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री ने कोलकाता में दावा किया कि एक भी घुसपैठिए को देश में घुसने नहीं दिया जाएगा। जबकि यही बात एक दिन पहले गुवाहाटी में भी कही गई थी। गोखले ने कहा कि अमित शाह शायद मोदी सरकार के पहले ऐसे ईमानदार मंत्री हैं, जो बार-बार सार्वजनिक रूप से अपनी नाकामी स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घुसपैठिए 200 किलोमीटर अंदर तक भारत में घुसकर पहलगाम में 26 लोगों की हत्या करते हैं और फिर दिल्ली पहुंचकर धमाका कर देते हैं। जब खुद भाजपा असम और त्रिपुरा जैसे डबल इंजन सरकार वाले राज्यों में घुसपैठ की बात मानती है तो गृह मंत्री के दावों पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
2026 विधानसभा चुनाव की सियासी गर्मी
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 तक है और चुनाव मार्च-अप्रैल 2026 में होने की संभावना है। राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और फिलहाल यहां टीएमसी की सरकार है। अमित शाह का यह दौरा और ममता बनर्जी का जवाब साफ संकेत दे रहा है कि बंगाल में चुनावी सियासत अभी से तेज हो चुकी है। इधर, AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी गृहमंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार के ऊपर है। देश में पिछले 11 सालों से इन्हीं का शासन है। चुनाव में बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा बनाना और फिर कोई काम न करना दिखाता है कि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा है। बंगाल चुनाव में भी बांटों और राज करो का खेल होगा। (Mamta Banerjee on Shah)



