हिंदू धर्म आध्यात्मिक परंपरा, हिंदुत्व सिर्फ राजनीतिक विचारधारा: कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर
Congress Leader Aiyar Statement: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर एक बार फिर अपने विवादास्पद बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने हिंदू धर्म और हिंदुत्व के बीच अंतर बताते हुए कहा कि हिंदू धर्म एक महान आध्यात्मिक परंपरा है, जबकि हिंदुत्व केवल एक राजनीतिक विचारधारा है। अय्यर का यह बयान 11 जनवरी 2026 को कोलकाता में कलकत्ता डिबेटिंग सर्कल की ओर से आयोजित ‘द डिबेट 2026’ कार्यक्रम के दौरान आया। इस बहस का विषय “हिंदुत्व से हिंदू धर्म को सुरक्षा की जरूरत है” था। बहस के दौरान मणिशंकर अय्यर ने कि हिंदुत्व एक तरह का पैरानोइया है, जिसमें देश की 80 फीसदी हिंदू आबादी को 14 फीसदी मुसलमानों से डरने के लिए मजबूर किया जाता है।
यह भी पढ़ें:- CG NEWS : श्मशान घाट से नाबालिग की अस्थियां चोरी, चिता के पास मिला संदिग्ध सामान, इलाके में सनसनी
अय्यर ने उदाहरण देते हुए कहा कि गोमांस रखने या खाने के शक में लोगों की पिटाई करना, चर्च में क्रिसमस लंच में शामिल होने पर आदिवासी बच्ची को थप्पड़ मारना या शॉपिंग मॉल में क्रिसमस की सजावट तोड़ना यह सब हिंदुत्व की सोच को दर्शाता है। अय्यर ने हिंदुत्व के विचारक वीडी सावरकर की किताबों का हवाला देते हुए दावा किया कि सावरकर ने बौद्ध धर्म को हिंदुओं के लिए अस्तित्वगत खतरा बताया था। उन्होंने कहा कि सावरकर का हिंदुत्व सार्वभौमिकता और अहिंसा के विरुद्ध है और यह राष्ट्रीय चेतना और हिंदू समाज के अस्तित्व के लिए भी विनाशकारी विचार है। इसके उलट उन्होंने महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद के हिंदू धर्म को अहिंसा, सहिष्णुता और आध्यात्मिकता से जुड़ा बताया। (Congress Leader Aiyar Statement)
हिंदू धर्म को हिंदुत्व की जरूरत नहीं: अय्यर
अय्यर ने कहा कि महात्मा गांधी ने साफ लिखा है कि गाय की रक्षा के लिए किसी इंसान की हत्या करना हिंदू धर्म और अहिंसा का अपमान है। मणिशंकर अय्यर ने कहा कि हिंदू धर्म हजारों साल पुराना है और उसने बिना हिंदुत्व के भी तमाम कठिन दौर देखे और फलता-फूलता रहा। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व 1923 में आया, लेकिन हिंदू धर्म उससे हजारों साल पहले से मौजूद है। हिंदू धर्म को न तो हिंदुत्व की सुरक्षा की जरूरत है और न ही सावरकर के विचारों से गांधी या विवेकानंद के हिंदू धर्म को बढ़ावा दिया जा सकता है। (Congress Leader Aiyar Statement)
अय्यर के इस बयान से गरमाया राजनीतिक माहौल
अय्यर के बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी और कई संगठनों ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे हिंदू आस्था पर हमला करार दिया है। भाजपा ने कांग्रेस पर हिंदुओं को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कांग्रेस एक बार फिर हिंदुओं के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का एकमात्र उद्देश्य ‘अल्पसंख्यकों को एकजुट करना और हिंदू बहुसंख्यक समाज को बांटना’ है। फिलहाल अय्यर का यह बयान एक बार फिर हिंदू धर्म बनाम हिंदुत्व की बहस को राजनीतिक और सामाजिक मंचों पर केंद्र में ले आया है। (Congress Leader Aiyar Statement)



