Google Analytics —— Meta Pixel

तेलंगाना में हैवानियत, 3 दिनों में 300 आवारा कुत्तों को जहर देकर मारा, सरपंच समेत 9 पर FIR

Dogs Killing in Telangana: तेलंगाना के हनमकोंडा जिले से पशु क्रूरता का बहुत गंभीर मामला सामने आया है, जहां श्यामपेट और अरेपल्ली गांवों में तीन दिनों के भीतर करीब 300 आवारा कुत्तों को जहर देकर मारने का आरोप है। मामले में पुलिस ने ग्राम सरपंचों, पंचायत सचिवों समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, पशु कल्याण कार्यकर्ता अदुलापुरम गौतम और फरजाना बेगम ने 9 जनवरी को श्यामपेट पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 के बीच योजनाबद्ध तरीके से आवारा कुत्तों को जहर देकर मारा गया।

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान से बातचीत की सलाह पर घिरे अय्यर, भाजपा बोली- कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम फिर बेनकाब

शिकायत के मुताबिक श्यामपेट और अरेपल्ली गांवों में बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों को या तो जहरीला पदार्थ खिलाकर या इंजेक्शन के जरिए जहर देकर मौत के घाट उतारा गया। इसके बाद कुत्तों के शवों को गांवों के बाहरी इलाकों में ले जाकर दफना दिया गया या फेंक दिया गया, ताकि मामले को दबाया जा सके। पशु अधिकार कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस पूरी वारदात में गांवों के सरपंच, उनके पति, डिप्टी सरपंच और ग्राम पंचायत सचिवों की सीधी भूमिका रही है। आरोप है कि इन लोगों ने दो व्यक्तियों को पैसे देकर कुत्तों को जहर देने का काम सौंपा था।

पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी 

शिकायत के आधार पर श्यामपेट पुलिस स्टेशन में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 (PCA Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत 9 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में कुछ फोन रिकॉर्डिंग और गवाहों के बयान सामने आए हैं, जिनसे आरोपियों की संलिप्तता के संकेत मिल रहे हैं। मामले की  जांच जारी है। इस मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा है। पशु अधिकारों के लिए लंबे समय से काम कर रही पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने भी इस घटना में हस्तक्षेप किया है और राज्य सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

नसबंदी और टीकाकरण कार्यक्रम लागू हों: कार्यकर्ता 

पशु कल्याण कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए हत्या नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और मानवीय उपाय अपनाए जाएं। उन्होंने व्यापक नसबंदी (स्टेरिलाइजेशन) और रेबीज टीकाकरण कार्यक्रम लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। (Dogs Killing in Telangana)

क्या कहता है कानून ?

पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत पशुओं के प्रति क्रूरता दंडनीय अपराध है, हालांकि इसमें सजा का प्रावधान अपेक्षाकृत हल्का है। पहली बार अपराध पर 10 से 50 रुपए तक जुर्माना और दोबारा अपराध पर 100 रुपए तक जुर्माना या 3 महीने तक की सजा का प्रावधान है, लेकिन भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 325 के तहत किसी जानवर को मारना या गंभीर यातना देना, जैसे जहर देना, एक गंभीर अपराध है, जिसमें 5 साल तक की कैद और जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है। इसी सख्त धारा के तहत इस मामले में भी कार्रवाई की जा रही है। तीन दिनों में 300 आवारा कुत्तों की कथित हत्या ने न सिर्फ प्रशासन बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और इस मामले में होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!