अय्यर के हिंदू धर्म-हिंदुत्व वाले बयान पर घमासान, संत समाज ने बताया आस्था पर चोट

Controversy on Aiyar Statement: कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के हिंदू धर्म और हिंदुत्व को लेकर दिए गए बयान ने देशभर में नई बहस छेड़ दी है। अयोध्या से लेकर उत्तर प्रदेश तक साधु-संतों, सत्तारूढ़ दल के नेताओं और दूसरे राजनीतिक दलों ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। अयोध्या के महामंडलेश्वर विष्णु दास जी महाराज ने कहा कि मणिशंकर अय्यर कांग्रेस के नेता हैं और कांग्रेसियों का मानसिक संतुलन यह दर्शाता है कि इन लोगों को तो हिंदू के विषय में, हिंदू धर्म के विषय में और सनातन के विषय में ज्ञान भी नहीं है। मगर ये केवल बोलना जानते हैं और विपरीत बोलते है। ये करोड़ों सनातनियों की आस्था पर चोट पंहुचाने वाला बयान है।
यह भी पढ़ें:- इंद्रावती नदी में कूदे नाबालिग JEE छात्र का 4 दिन बाद मिला शव, सुसाइड नोट में लिखा- मैं फेलियर हूं
उन्होंने कहा कि अगर इनकी हिम्मत हो तो इस्लाम धर्म पर बोल करके देखें। इन्होंने एक बयान और दिया है कि भारत को पाकिस्तान से बात करना चाहिए, ऑपरेशन सिंदूर के विषय में बोलते हैं और आज हिंदू धर्म के विषय में बोले हैं, हम सभी साधु-संत इनके बयान से आहत हैं, और इनको हिंदुस्तान से माफी मांगना चाहिए। वहीं आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि हमें अपने धर्म की रक्षा करनी चाहिए। एक हिंदू किसी से डरता नहीं, सभी को धर्म की सुरक्षा करनी होगी। उन्होंने आगे कहा सभी पार्टियों को सुनिश्चित करना चाहिए कि हिंदू, माताएं, बेटियां और गौ माता सुरक्षित महसूस करें।
JDU नेता केसी त्यागी ने बताया भड़काऊ
JDU नेता केसी त्यागी ने कहा कि मणिशंकर अय्यर के बयान भड़काऊ हैं, उत्तेजनात्मक हैं और कांग्रेस पार्टी के लिए ये विनाशकारी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने कहा कि मैं उनके बयान की निंदा करता हूं। हिंदू धर्म भारतीयों और भारतीय सभ्यता का है और उनके नेता, जो आज स्वर्गवासी हो गए हैं, 70 सालों से देश की जनता को सोचने में लग गया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू पंडित नहीं थे, वह खुद हिंदू नहीं थे और वह दूसरे धर्मों के अनुयायी थे। हम ऐसे व्यक्ति के मुंह से और क्या सुन सकते हैं जिसकी जड़ें ऐसी हों ? बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कौन सी संस्कृति आपको धार्मिक मुद्दों पर भी बहस करने का अधिकार देती है ? मैं पूछना चाहता हूं कि हिंदुत्व शब्द क्यों ? भारत में पैदा हुए सभी धर्मों के साथ ‘वाद’ क्यों जोड़ा जाता है ?
‘वाद’ शब्द सिर्फ नीचा दिखाने के लिए: सुधांशु
सांसद ने कहा कि आपने कभी इस्लामवाद और ईसाईवाद के बारे में नहीं सुना होगा। ‘वाद’ शब्द सिर्फ नीचा दिखाने के लिए जोड़ा जा रहा है। हिंदुत्व क्या है, ‘हिंदू तत्व’। हिंदू धर्म की मूल पहचान हिंदूत्व है। एक और बात मैं कहना चाहता हूं, जब आप हिंदू धर्म को मानते हैं तो उसे हिंदुत्व कहा जाता है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व और हिंदू धर्म एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। त्रिवेदी ने यह भी कहा कि हिंदू सभ्यता में धार्मिक ग्रंथों पर बहस और विमर्श की परंपरा हमेशा से रही है। उन्होंने ‘इज़्म’ शब्द के प्रयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अक्सर भारतीय धर्मों की दार्शनिक गहराई को कमतर दिखाने के लिए इस शब्द का इस्तेमाल किया जाता है। (Controversy on Aiyar Statement)
शहजाद पूनावाला ने बताया सनातन का अपमान
वहीं बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि मणिशंकर अय्यर फिर से वही कर रहे हैं। सेना का अपमान करने के बाद अब सनातन का अपमान। मणिशंकर अय्यर कहते हैं कि हिंदू धर्म और हिंदुत्व अलग हैं, हिंदुत्व हिंसक है और हिंदुत्व लोगों को पीटने की वकालत करता है। यह कांग्रेस की वही लाइन है कि हिंदुत्व ISIS और बोको हराम है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी ने भी हिंदुत्व का अपमान किया है। यह ऐसा है, जैसे कहना कि मां और मातृत्व अलग हैं। सुप्रीम कोर्ट ने हिंदुत्व को जीवन जीने का एक तरीका बताया है। फिर भी कांग्रेस पार्टी हिंदुत्व का अपमान करती रहती है।
सांसद महुआ मोइत्रा ने किया समर्थन
वहीं तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने भी हिंदू धर्म और हिंदुत्व के बीच अंतर की बात कही। उन्होंने हिंदुत्व को एक कठोर और विशिष्टता का दावा करने वाला राजनीतिक मंच बताया। जबकि हिंदू धर्म को विविधता, व्याख्या और सह-अस्तित्व को स्वीकार करने वाला बताया। महुआ मोइत्रा ने कहा कि हिंदू धर्म विभिन्न सांस्कृतिक परंपराओं और अंतरधार्मिक सौहार्द को स्थान देता है, जिसे हिंदुत्व अक्सर नकारता है। TMC नेता माजिद मेमन ने कहा कि हम पिछले 10-11 सालों से, जब से NDA और बीजेपी की सरकार बनी है, तब से यह देख रहे हैं। वे हिंदू धर्म को बढ़ावा दे रहे हैं। (Controversy on Aiyar Statement)
TMC नेता माजिद मेमन का बीजेपी पर आरोप
मेमन ने कहा कि यह सच है कि कुछ हद तक अपने धर्म को बढ़ावा देना उनका अधिकार बनता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि दूसरे धर्म का अस्तित्व न रहे या उन्हें खत्म कर देना चाहिए। जैसे, वे यह नहीं कह सकते कि मुसलमान मुक्त या कांग्रेस मुक्त। उन्हें सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए और BJP इस सवाल का जवाब नहीं दे पा रही है। जैसे मणि शंकर अय्यर भी कह रहे हैं कि अगर 14-15% मुसलमान हैं, तो सदन में BJP में उनका नेतृत्व क्यों नहीं है? पहले जो दो नेता मुसलमान थे, उनको खारिज कर दिया गया। (Controversy on Aiyar Statement)
सुरेंद्र राजपूत ने भी बीजेपी पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि निश्चित तौर पर राहुल गांधी भी कह चुक है, मणिशंकर अय्यर भी कह चुके हैं और हमारे तमाम लोग इस बात को कह चुके है, चर्चा हो चुकी है। आज की तारीख में सनातन धर्म को बदनाम करने के लिए हिंदुत्त्व के नाम पर जो कट्टरवादी ताकते हैं, वो हमारे धर्म को संकीर्ण कर रही है। सनातन धर्म में तो आस्तिक की भी आस्था है, नास्तिक की भी आस्था है। सनातन धर्म आस्तिक को भी हिंदू मानता है और नास्तिक को भी हिंदू मानता है। सनातन धर्म चरवाक को भी हिंदू मानता है, लेकिन यह जो हिंदुत्त्व के ठेकेदार हैं यह कहीं न कहीं हमारे सनातन धर्म को संकीर्ण कर रहे हैं और कट्टरपंथी सोंच हमेशा देश का भी नुकसान करती है, धर्म का भी नुकसान करती है और समाज का भी नुकसान करती है।



