इस्लामाबाद हमले के लिए पाक ने भारत को ठहराया जिम्मेदार, भारत बोला- खुद को धोखा दे रहा पाकिस्तान
पड़ोसी देश की राजधानी में जुमे की नमाज के दौरान आत्मघाती हमला, 31 लोगों की मौत

Suicide Attack in Islamabad: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद एक बार फिर आतंक की चपेट में आ गई। जुमे की नमाज के दौरान शिया समुदाय के इमामबाड़े में आत्मघाती हमला हुआ है, जिसमें 31 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 169 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इससे पहले पाकिस्तानी मीडिया में मृतकों की संख्या 69 तक बताई गई थी। हालांकि बाद में आधिकारिक आंकड़ों में संशोधन किया गया। धमाका उस वक्त हुआ जब इमामबाड़े में बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद थे। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी और कई लोग मलबे में दब गए।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म, सिग्नल पर भीख मांगने वाली बच्ची को किया किडनैप, फिर दिया वारदात को अंजाम
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इस्लामाबाद के पुलिस चीफ ने पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं। (Suicide Attack in Islamabad)
हमले में भारत को घसीटने की कोशिश
पाकिस्तान ने इस हमले में अफगानिस्तान के साथ भारत को घसीटने की कोशिश की है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भड़काऊ बयान दिया है। ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि जो लोग मस्जिद में नमाजियों को शहीद करते हैं, वे धर्म और देश दोनों के दुश्मन हैं। हमले में शामिल आतंकवादी के बारे में यह साबित हो गया है कि वह अफगानिस्तान से आ-जा रहा था। भारत और तालिबान के बीच गठबंधन के तार सामने आ रहे हैं। सुरक्षा गार्डों ने उसे चुनौती दी, जिसके जवाब में उसने गोली चला दी और नमाजियों की आखिरी लाइन में खुद को धमाके से उड़ा लिया। राज्य इस जुल्म का पूरी ताकत से जवाब देगा। शर्मनाक हार के बाद, भारत अब अपने एजेंटों के जरिए लड़ रहा है। अब उसमें सीधे युद्ध करने की हिम्मत नहीं रही। (Suicide Attack in Islamabad)

भारत ने पाकिस्तान को दिया कड़ा जवाब
पाकिस्तान के आरोपों पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुआ बम धमाका निंदनीय है और भारत इसमें हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त करता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को परेशान करने वाली समस्याओं को गंभीरता से सुलझाने के बजाय, अपनी घरेलू बुराइयों के लिए दूसरों को दोष देकर खुद को धोखा दे रहा है। भारत ऐसे किसी भी आरोप को खारिज करता है, जो जितना आधारहीन है, उतना ही बेकार भी है। (Suicide Attack in Islamabad)

इंसानियत के खिलाफ है यह हमला: राष्ट्रपति
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ है। यह कायराना हरकत है। राष्ट्रपति ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें हर संभव बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। पार्लियामेंट्री अफेयर्स के मंत्री डॉ. तारिक फजल चौधरी ने सोशल मीडिया पर हमले की निंदा करते हुए लिखा- इस्लामाबाद में हुए धमाके की मैं कड़ी निंदा करता हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। ऐसी आतंकी घटनाएं देश और उसके लोगों का हौसला नहीं तोड़ सकती है।

पहले भी हो चुका है बड़ा आत्मघाती हमला
उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मजबूती से खड़े रहने की अपील की। यह पहली बार नहीं है, जब इस्लामाबाद को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले 11 नवंबर 2025 को राजधानी के G-11 इलाके में जिला और सत्र न्यायालय के बाहर आत्मघाती धमाका हुआ था। उस हमले में 12 लोगों की मौत हुई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान अब दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा आतंक प्रभावित देश बन चुका है। पहले स्थान पर बुर्किना फासो है। साल 2024 में पाकिस्तान इस सूची में चौथे नंबर पर था। (Suicide Attack in Islamabad)
हमलों में 2025 में 90% की बढ़ोतरी
रिपोर्ट के मुताबिक TTP (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) के हमलों में 2025 में 90% की बढ़ोतरी हुई है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के हमलों में 60% इजाफा दर्ज किया गया है। इस्लामिक स्टेट-खुरासान (IS-K) ने अब ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ पाकिस्तानी शहरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सबसे ज्यादा आतंकी घटनाएं खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में दर्ज की गई हैं। देशभर की कुल आतंकी घटनाओं में से 90% इन्हीं इलाकों में हुई हैं। रिपोर्ट में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान को लगातार दूसरे साल देश का सबसे खतरनाक आतंकी संगठन बताया गया है। साल 2024 में TTP ने 482 हमले किए थे, जिनमें 558 लोगों की मौत हुई थी, जो 2023 के मुकाबले 91% ज्यादा है।



