कभी भी टेक्नोलॉजी का गुलाम नहीं बनना चाहिए, पहले निडर बनें, नेतृत्व क्षमता अपने आप होगी विकसित: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
PM Talk to Students: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा के 9वें एडिशन के दूसरे एपिसोड में देशभर से आए छात्रों से संवाद किया। इस दौरान PM मोदी अलग-अलग राज्यों से जुड़ते हुए स्टूडेंट्स से सीधे रूबरू हुए और परीक्षा, तनाव, तकनीक के उपयोग और नेतृत्व क्षमता जैसे अहम विषयों पर मार्गदर्शन दिया। PM मोदी कोयंबटूर से छत्तीसगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों से संवाद किया। इसके बाद प्रधानमंत्री असम की राजधानी गुवाहाटी के अष्टलक्ष्मी परिसर पहुंचे और वहां भी छात्रों से बातचीत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कभी भी टेक्नोलॉजी का गुलाम नहीं बनना चाहिए, बल्कि टेक्नोलॉजी को अपनी क्षमता बढ़ाने का साधन बनाना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- Parliament Budget Session : संसद के इतिहास में चौथी बार! लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव
दूसरे एपिसोड में PM मोदी ने छात्रों को पढ़ने के साथ-साथ लिखकर अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सिर्फ पढ़ना पर्याप्त नहीं होता, जब तक हम उसे लिखकर प्रैक्टिस नहीं करते। लिखने की आदत से न सिर्फ याददाश्त मजबूत होती है, बल्कि परीक्षा के समय आत्मविश्वास भी बढ़ता है। प्रधानमंत्री ने छात्रों से अपील की कि वे पढ़ाई में कमजोर सहपाठियों की मदद करें। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्रों से दोस्ती करनी चाहिए और उन्हें टॉपिक समझाना चाहिए। दूसरों को पढ़ाने से खुद की समझ भी और बेहतर होती है। यह न सिर्फ सीखने की प्रक्रिया को मजबूत बनाता है, बल्कि सहयोग और संवेदनशीलता भी विकसित करता है।
छात्रों ने पूछा परीक्षा के तनाव से कैसे निपटें ?
परीक्षा के दौरान तनाव को लेकर PM मोदी ने छात्रों को सरल उदाहरण के जरिए समझाया। उन्होंने कहा कि जब हम अपनी पुरानी परीक्षाओं को याद करते हैं, तो महसूस होता है कि उस समय भी तनाव था, लेकिन परीक्षा खत्म होते ही सब सामान्य हो गया। उन्होंने कहा कि तनाव से बचने का सबसे अच्छा तरीका है-पेपर सॉल्व करने की आदत और लिखने का नियमित अभ्यास। अगर छात्र लगातार इस तरह की तैयारी करते हैं, तो परीक्षा कभी बोझ नहीं लगती। PM मोदी ने छात्रों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले निडर बनना जरूरी है। मन में यह तय करें कि चाहे कोई और करे या न करे, मैं जरूर करूंगा। (PM Talk to Students)
पहले एपिसोड में स्वदेशी और विकसित भारत पर जोर
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कहीं कचरा पड़ा है और आप उसे उठा लेते हैं, तो आपको देखकर चार और लोग भी वैसा ही करने लगेंगे। इसी तरह नेतृत्व अपने आप विकसित हो जाता है। बता दें कि 6 फरवरी को परीक्षा पे चर्चा के पहले एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास पर छात्रों से संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने असम का पारंपरिक गमछा पहना था और छात्रों के सवालों के जवाब दिए थे। PM मोदी ने छात्रों से विदेशी चीजों के बजाय स्वदेशी अपनाने और अगले 25 सालों में विकसित भारत को अपना सपना बनाने का आह्वान किया था। परीक्षा पे चर्चा के 9वें एडिशन का वीडियो 27 जनवरी को जारी किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी देश के अलग-अलग लोकेशन पर बच्चों से सवाल-जवाब करते नजर आए थे।
2018 में शुरू हुई थी परीक्षा पे चर्चा
CBSE बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं अगले हफ्ते से शुरू होने जा रही हैं। CBSE 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होगी, 11 मार्च तक चलेगी। जबकि CBSE 12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक होगी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 2026 में 20 फरवरी 2026 से शुरू होकर लगभग 18 या 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही हैं। 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं मार्च के मध्य तक पूरी हो जाएगी। परीक्षा पे चर्चा की शुरुआत साल 2018 में हुई थी। इसका उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों का तनाव कम करना, उन्हें मोटिवेट करना और परीक्षा को उत्सव की तरह देखने का संदेश देना था। (PM Talk to Students)
8वें एडिशन ने बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड
पहला एडिशन 16 फरवरी 2018 को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित हुआ था। परीक्षा पे चर्चा का 8वां एडिशन 10 फरवरी 2025 को टेलीकास्ट हुआ था, जो नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में एक इनोवेटिव फॉर्मेट में आयोजित किया गया था। इसमें देश के हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से 36 छात्रों ने भाग लिया था। इस चर्चा ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, जिसमें 245 से ज्यादा देशों के छात्र, 153 देशों के शिक्षक और 149 देशों के अभिभावक जुड़े थे, जहां 2018 में पहले एडिशन में 22 हजार प्रतिभागी थे, वहीं 2025 के 8वें एडिशन तक रजिस्ट्रेशन बढ़कर 3.56 करोड़ तक पहुंच गया।



