असम में जमकर गरजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कहा- झूठे वादों की दुकान है कांग्रेस

PM Modi on Congress: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के कोकराझार में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए और 4,570 करोड़ रुपए से ज्यादा विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। दरअसल, खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके और गुवाहाटी से ही लोगों से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे दिल्ली से कोकराझार आने के लिए निकले थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उन्हें गुवाहाटी में ही उतरना पड़ा। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से इसके लिए क्षमा भी मांगी। कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल,बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल के प्रतिनिधि और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:- मंदिर में चोरी की फिल्मी कहानी! महिलाओं ने शरीर में छिपाए गहने, एक्स-रे में पकड़ी गई गैंग
प्रधानमंत्री ने बोडो समाज के महान व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बोडो समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संभाल कर रखा है, जो भारत की सांस्कृतिक ताकत को मजबूत करता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा-एनडीए की डबल इंजन सरकार असम की विरासत के संरक्षण और तेज विकास दोनों पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लगभग साढ़े चार हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। इनमें से 1100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बोडोलैंड क्षेत्र की सड़कों के विकास पर खर्च की जाएगी। (PM Modi on Congress)
गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि असम माला अभियान के तीसरे चरण से राज्य की सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। साथ ही कामाख्या-चार्लापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई गई है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और किसानों की उपज को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोकराझार और पूरे बोडोलैंड क्षेत्र ने बीते दशकों में हिंसा और अशांति का कठिन दौर देखा है। एक समय यहां पहाड़ियों में बम और बंदूक की आवाज गूंजती थी, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं और बोडोलैंड शांति और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। (PM Modi on Congress)
6 सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन
उन्होंने बताया कि बोडोलैंड टेरिटोरियल रीजन में छह महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया है और रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भी बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। कोकराझार में रेलवे वर्कशॉप बनने से यह क्षेत्र लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित होगा। साथ ही भूटान को जोड़ने वाली रेल लाइन पर भी काम चल रहा है और कई स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब वंदे भारत और राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें कोकराझार में रुकती हैं, जो क्षेत्र की बेहतर कनेक्टिविटी का प्रमाण है। उन्होंने बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल की टीम और राज्य सरकार को इन विकास कार्यों के लिए बधाई दी।
कांग्रेस पर PM मोदी का हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दशकों तक बोडोलैंड क्षेत्र कांग्रेस के विश्वासघात का साक्षी रहा है और कांग्रेस ने यहां की कई पीढ़ियों को झूठे सपनों में उलझाए रखा। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में बैठी कांग्रेस सरकारों ने केवल दिखावे के लिए कागजी समझौते किए, लेकिन क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि जब देश और असम की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से हटाकर भाजपा-एनडीए को मौका दिया, तब ईमानदारी से प्रयास शुरू हुए। प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां कांग्रेस स्वार्थी राजनीति के लिए समाज में फूट डालती रही, वहीं भाजपा ने स्थायी शांति के लिए काम किया और इसी सोच के तहत बोडो शांति समझौता किया गया, जिसमें पहली बार सभी प्रमुख संगठनों और समूहों को एक साथ लाया गया। (PM Modi on Congress)
बोडोलैंड के लिए 1500 करोड़ का विशेष विकास पैकेज: PM
उन्होंने कांग्रेस को झूठे वादों की दुकान बताते हुए कहा कि कांग्रेस एक झूठे वादे के साथ चार और झूठे वादे मुफ्त में देती है, क्योंकि उन्हें पूरा करने का उसका इरादा ही नहीं होता। इसके विपरीत भाजपा-एनडीए सरकार ने जो भी वादा किया उसे पूरा करने की ईमानदार कोशिश की है। प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि 2003 में सिक्स्थ शेड्यूल के तहत बीटीसी का गठन किया गया, जिससे बोडोलैंड के विकास को नई दिशा मिली। इसके बाद बोडोलैंड यूनिवर्सिटी, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग कॉलेज जैसे कई संस्थान स्थापित हुए। उन्होंने कहा कि 2020 के बोडो समझौते के तहत किए गए वादों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। बोडो भाषा को एसोसिएट ऑफिशियल लैंग्वेज का दर्जा दिया गया है और बोडोलैंड के लिए 1500 करोड़ रुपए का विशेष विकास पैकेज भी दिया गया है।
घुसपैठ के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना
PM मोदी ने कहा कि कोकराझार में मेडिकल कॉलेज चल रहा है और तमुलपुर में नया मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हथियार छोड़ने वाले करीब 10 हजार युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया है और इससे हजारों परिवारों को नई उम्मीद मिली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का एक बड़ा पाप घुसपैठियों को संरक्षण देना रहा है, जिससे देश और असम की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक मूल निवासियों को जमीन के कानूनी दस्तावेज नहीं दिए और आदिवासियों की जमीन घुसपैठियों के हवाले कर दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम में घुसपैठियों से जमीन मुक्त कराने का बड़ा अभियान चल रहा है और राज्य सरकार मूल निवासियों को जमीन के कानूनी दस्तावेज भी दे रही है। प्रधानमंत्री ने लोगों से आगामी चुनावों में कांग्रेस को कड़ी सजा देने की अपील करते हुए कहा कि असम से निकला संदेश पूरे देश की आवाज बनेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि असम के विकास की गति को लगातार तेज करते रहना है और जनता के आशीर्वाद से विकसित असम का संकल्प जरूर पूरा होगा।



