पंजाब से राष्ट्रपति भवन तक सियासी टकराव, राघव चड्ढा का AAP पर हमला, सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का लगाया आरोप

Raghav Chadha Meet President: आम आदमी पार्टी के सांसदों के बीजेपी में शामिल होने को लेकर सियासी घमासान और तेज हो गया है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। चड्ढा ने पंजाब सरकार पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इसे खतरनाक खेल बताया, जबकि संदीप पाठक ने अपने खिलाफ दर्ज FIR को फर्जी बताते हुए कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कही। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि मैं AAP को कहना चाहता हूं कि आप पंजाब पुलिस का सहारा लेकर जो कार्रवाई कर रहे हैं, यह बहुत खतरनाक खेल है। हम जब तक आपके साथ थे, तब तक ठीक थे और अब अलग हो गए हैं तो हम भ्रष्टाचारी हो गए हैं ?
चड्ढा ने कहा कि पंजाब सरकार की एजेंसियों और पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है। AAP भ्रष्ट लोगों के हाथों में है। AAP के पास एक राज्य की सरकार और पुलिस है। भाजपा के पास 21 राज्यों में सरकार है और 21 राज्यों की पुलिस है। AAP की पंजाब सरकार चंद महीनों की सरकार है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के बाद राज्यसभा सांसद चड्ढा ने कहा कि हमने राष्ट्रपति को आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब स्टेट मशीनरी के गलत इस्तेमाल के बारे में बताया। राष्ट्रपति ने हमें हमारी सुरक्षा और संविधान की रक्षा का भरोसा दिया है। मैं पंजाब सरकार के अधिकारियों से कहना चाहता हूं कि सावधान रहें, क्योंकि AAP सरकार के पास अब कुछ ही महीने बचे हैं। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने ट्वीट किया कर कहा कि आज सुबह तीन साथी सांसदों के साथ भारत की राष्ट्रपति से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। (Raghav Chadha Meet President)

राघव चड्ढा ने कहा कि हमने बताया कि कैसे AAP की पंजाब सरकार दो-तिहाई सांसदों के भाजपा में शामिल होने के बाद हमारे संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करने पर हमें टारगेट करने के लिए सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रही है, जो पार्टी कभी बदले की भावना से काम करती थी, वह अब अपना सबसे जहरीला रूप अपना रही है। हमें राष्ट्रपति के इस भरोसे से ताकत मिलती है कि संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक विकल्पों का सम्मान किया जाना चाहिए। राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा कि हमने संविधान के दिए अपने अधिकार के आधार पर AAP छोड़ने का फैसला लिया था। AAP फर्जी FIR करके हमें डराने की कोशिश कर रही है। हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। हम देशहित के लिए काम कर रहे हैं। मैं किसी झूठी और फर्जी FIR से नहीं डरता हूं। (Raghav Chadha Meet President)



