Google Analytics —— Meta Pixel

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले- तानाशाह कहो तो चलेगा, बेवकूफ मत कहो, बांग्लादेश को लेकर भारत की बढ़ी चिंता

US President Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक रैली में खुद को लेकर दिए गए विवादित बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें तानाशाह कहे जाने से उतनी परेशानी नहीं होती, लेकिन अगर कोई उन्हें बेवकूफ कहता है तो यह बात उन्हें बेहद खराब लगती है। न्यूयॉर्क में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने अपनी मानसिक क्षमता और याददाश्त की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ सबसे खराब हमला तब हुआ, जब लोगों ने उन्हें बेवकूफ कहा। इसके बाद उन्होंने खुद ही कॉग्निटिव एबिलिटी टेस्ट कराने का फैसला किया। ट्रंप ने बताया कि टेस्ट की शुरुआत आसान सवालों से हुई, जिनमें तस्वीरों और जानवरों की पहचान करनी थी। बाद में गणित से जुड़े सवाल पूछे गए, जिनमें गुणा, भाग और घटाव शामिल थे।

यह भी पढ़ें:-  ईरान-अमेरिका तनाव से दुनिया में बढ़ी हलचल, होर्मुज संकट, परमाणु वार्ता, नए प्रतिबंध और युद्ध की आशंका के बीच तेज हुई कूटनीति

ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने सभी सवालों के सही जवाब दिए। उनके इस बयान के बाद अमेरिकी राजनीति में फिर से उनकी मानसिक फिटनेस और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इधर, अमेरिका ने H-1B वीजा और ग्रीन कार्ड से जुड़े नियमों को और सख्त कर दिया है, जिसका सबसे ज्यादा असर भारतीय आईटी इंजीनियरों, टेक कर्मचारियों और प्रोफेशनल्स पर पड़ सकता है। नई नीति के तहत अब अमेरिका में रहकर ग्रीन कार्ड की प्रक्रिया पूरी करना पहले जितना आसान नहीं रहेगा। अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी संयुक्त राज्य नागरिकता और आव्रजन सेवा यानी USCIS ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सिर्फ बेहद खास परिस्थितियों में ही अमेरिका के भीतर से ग्रीन कार्ड आवेदन मंजूर करें। (US President Donald Trump)

H-1B नियम हुआ और सख्त

अब ज्यादातर आवेदकों को अपने देश लौटकर अमेरिकी दूतावास या कॉन्सुलेट के जरिए प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसे कांसुलर प्रोसेसिंग कहा जाता है। अमेरिका में H-1B वीजा हासिल करने वालों में भारतीयों की संख्या सबसे ज्यादा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंजूर किए गए कुल H-1B आवेदनों में करीब 71 प्रतिशत भारतीय शामिल हैं। ऐसे में नए नियमों का सीधा असर भारतीय प्रोफेशनल्स पर पड़ने की आशंका है। कई भारतीय पिछले 10 से 15 सालों से ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अंतिम चरण में नियमों में बदलाव होने से उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिका में घर खरीद चुके हैं और उनके बच्चों की पढ़ाई भी वहीं चल रही है। अब भारत लौटकर वीजा प्रक्रिया पूरी करने की शर्त उनके लिए नई चिंता बन गई है। H-1B अमेरिका का एक विशेष वर्क वीजा है, जिसके जरिए विदेशी प्रोफेशनल्स अमेरिका में नौकरी कर सकते हैं। इसका सबसे ज्यादा इस्तेमाल भारतीय आईटी और टेक सेक्टर के कर्मचारी करते हैं।

बांग्लादेश के दो बंदरगाह इस्तेमाल करेगा अमेरिका

बाद में इनमें से कई लोग अमेरिका में स्थायी रूप से बसने के लिए ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन करते हैं। वहीं बांग्लादेश ने अमेरिका को अपने दो महत्वपूर्ण बंदरगाहों के इस्तेमाल की अनुमति देने का फैसला किया है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच गोपनीय सूचनाएं साझा करने को लेकर भी समझौता हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका और बांग्लादेश के बीच कुल तीन बड़े समझौते हुए हैं। इन समझौतों के बाद बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका की मौजूदगी और प्रभाव काफी बढ़ सकता है। अमेरिका को बांग्लादेश के चिटगांव और मतारबाड़ी बंदरगाहों तक पहुंच मिलेगी। इन बंदरगाहों का इस्तेमाल अमेरिकी नौसेना और सैन्य जहाज कर सकेंगे। इससे अमेरिका को हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में अपनी सैन्य और रणनीतिक ताकत मजबूत करने में मदद मिलेगी। चिटगांव बंदरगाह भारत के अंडमान-निकोबार क्षेत्र से करीब 1100 किलोमीटर दूर स्थित है। ऐसे में इस समझौते को क्षेत्रीय सुरक्षा और रणनीतिक संतुलन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!