Google Analytics —— Meta Pixel

प्री-मानसून बारिश की दस्तक, 29 मई से 5 जून तक देश के 90% हिस्से में बारिश के आसार, केरल में अटका मानसून 

Pre Monsoon Rains Arrive: देशभर में भीषण गर्मी और नौतपा के बीच अब राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई से 5 जून के बीच देश के लगभग 80 से 90 प्रतिशत हिस्सों में प्री-मानसून बारिश होने की संभावना है। हालांकि दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी तक केरल नहीं पहुंच पाया है, जिससे मानसून की शुरुआत में देरी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार केरल में मानसून पहुंचने के लिए तय 14 स्टेशनों पर लगातार दो दिन तक कम से कम 2.5 मिमी बारिश होना जरूरी है, लेकिन फिलहाल नमी कमजोर होने और दक्षिण-मध्य अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण बादलों की सक्रियता कम बनी हुई है। यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ECMWF) की ओर से जारी 15 दिन के पूर्वानुमान में अगले आठ दिनों के दौरान दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल की खाड़ी के इलाकों में व्यापक बारिश के संकेत दिए गए हैं। 

यह भी पढ़ें:- कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज, कल इस्तीफा दे सकते हैं CM सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यह प्री-मानसून गतिविधियां आगे चलकर मानसून को मजबूती देंगी। मई के आखिरी हफ्ते में सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ने से तापमान तेजी से बढ़ जाता है। नौतपा के दौरान तेज गर्मी और लू से बचने के लिए लोगों को घर से निकलते समय पर्याप्त पानी, छाता, टोपी, गमछा और ग्लूकोज जैसी चीजें साथ रखने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों ने शरीर को हाइड्रेट रखने और दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की है। उत्तर प्रदेश का बांदा मंगलवार को लगातार नौवें दिन देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के उरई में 45.8°C, झांसी में 45.5°C, प्रयागराज में 45.4°C, आगरा में 45.3°C और हमीरपुर में 45.2°C तापमान दर्ज हुआ। (Pre Monsoon Rains Arrive)

28 मई के लिए अलर्ट

राजस्थान का श्रीगंगानगर 47°C तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। बीकानेर और फलोदी में 46°C, जैसलमेर में 45.6°C और कोटा में 45.4°C तापमान दर्ज किया गया। जयपुर में भी पारा 43.2°C तक पहुंच गया। महाराष्ट्र में भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। ब्रह्मपुरी में तापमान 46.6°C, चंद्रपुर में 46.4°C, वर्धा में 46°C, नागपुर के सोनेगांव में 45.5°C और गोंदिया में 45.2°C रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के सिरसा में 46°C, रोहतक में 45.6°C और पंजाब के बठिंडा में 45.8°C तापमान दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.5°C रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। 28 मई को छत्तीसगढ़, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी तेज गर्मी का असर बना रहेगा।

29 मई को ऐसा रह सकता है मौसम

गुजरात और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। बिहार, पश्चिम बंगाल, यूपी और पंजाब समेत कई राज्यों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 29 मई को राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव जारी रहने के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और मध्य भारत में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। कई इलाकों में तापमान 3 से 7 डिग्री तक गिर सकता है। बिहार, पश्चिम बंगाल, यूपी, पंजाब और हरियाणा में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कई राज्यों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। (Pre Monsoon Rains Arrive)

जानिए राज्यों के मौसम का हाल 

राजस्थान में मौसम विभाग ने पांच जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 28 से 30 मई तक कई जिलों में बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। श्रीगंगानगर में तापमान 47°C तक पहुंच गया। मध्यप्रदेश के 16 शहरों में तापमान 44°C के पार पहुंच गया। खजुराहो सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। बिहार के 24 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। जहानाबाद में भीषण गर्मी को देखते हुए पांचवीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश में 28 मई से पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी यूपी के 23 जिलों में ओलावृष्टि हो सकती है। पंजाब में आज हीटवेव का अलर्ट जारी है, जबकि 28 मई से मौसम बदलने के आसार हैं। कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में मौसम बदला है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

Back to top button
error: Content is protected !!