ट्विशा शर्मा मौत मामला: पूर्व जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द, गिरफ्तारी के आसार तेज
Twisha Sharma Death Case : मध्य प्रदेश के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत (Twisha Sharma Death Case) मामले में जबलपुर हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व जज गिरिबाला सिंह को निचली अदालत से मिली अग्रिम जमानत रद्द कर दी है। हाई कोर्ट की वैकेशन बेंच ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने मामले के तथ्यों, गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों का समुचित परीक्षण किए बिना राहत दे दी थी।
हाई कोर्ट ने बताई निचली अदालत की खामियां
न्यायमूर्ति देवनारायण मिश्रा की पीठ ने 17 पन्नों के आदेश में कहा कि भोपाल की 10वीं अतिरिक्त सत्र अदालत द्वारा पारित अग्रिम जमानत आदेश तथ्यों की अनदेखी पर आधारित था। अदालत ने माना कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 80(2), 85, 3(5) और दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं 3 एवं 4 के तहत गंभीर अपराध बनते हैं, जिनमें अग्रिम जमानत देते समय सभी साक्ष्यों का गहन परीक्षण आवश्यक था।
कोर्ट ने कहा कि केस डायरी, गवाहों के बयान और डिजिटल साक्ष्यों, विशेषकर व्हाट्सऐप चैट्स, का पर्याप्त मूल्यांकन नहीं किया गया।
सीबीआई जांच में तेजी, हिरासत में पूछताछ संभव
मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने खुद को पक्षकार बनाने और संशोधन आवेदन दायर किया था, जिसे हाई कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। राज्य सरकार और सीबीआई ने अदालत में कहा कि मामला अभी जांच के शुरुआती चरण में है और आरोपी से हिरासत में पूछताछ जरूरी हो सकती है।
अदालत ने इन तर्कों को स्वीकार करते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए गिरफ्तारी आवश्यक हो सकती है।
शादी के पांच महीने बाद मिली थी लाश
ट्विशा शर्मा की शादी 9 दिसंबर 2025 को गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के करीब पांच महीने बाद 12 मई 2026 को ट्विशा का शव भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में फांसी पर लटका मिला था।
घटना के बाद कटारा हिल्स थाने में दहेज प्रताड़ना समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मृतका के परिवार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ट्विशा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
प्रताड़ना और हिंसा के गंभीर आरोप
अभियोजन पक्ष ने कोर्ट को बताया कि व्हाट्सऐप चैट्स में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के संकेत मिले हैं। मृतका के परिवार का आरोप है कि ट्विशा पर चरित्र को लेकर संदेह किया जाता था और उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी के अलावा शरीर पर छह अन्य चोटों के निशान भी पाए गए। एम्स की रिपोर्ट में कहा गया कि ये चोटें सामान्य प्रक्रिया के दौरान नहीं आईं, जिससे मामले को और गंभीर माना जा रहा है।
जमानत के बाद व्यवहार पर भी कोर्ट सख्त
हाई कोर्ट ने यह भी माना कि अग्रिम जमानत मिलने के बाद गिरिबाला सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मृतका की छवि खराब करने की कोशिश की। साथ ही, जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं करने को भी अदालत ने गंभीर माना।
कोर्ट ने कहा कि आरोपी का यह आचरण जांच को प्रभावित करने की आशंका पैदा करता है।
दहेज मृत्यु गंभीर सामाजिक अपराध: हाई कोर्ट
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि दहेज मृत्यु एक गंभीर सामाजिक बुराई है और ऐसे मामलों में अदालतों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न फैसलों का हवाला देते हुए हाई कोर्ट ने कहा कि यदि जमानत आदेश साक्ष्यों की अनदेखी पर आधारित हो तो उसे निरस्त किया जा सकता है।
पीड़ित परिवार ने फैसले का किया स्वागत
पीड़िता के परिवार की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि “आखिरकार ट्विशा मामले में न्याय मिला है।”
अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद अब गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई है। वहीं, समर्थ सिंह पहले से ही 29 मई तक सीबीआई रिमांड पर हैं। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है। (Twisha Sharma Death Case)
यह भी पढ़े :- US Iran Conflict : सीजफायर के बीच फिर भड़का तनाव! अमेरिका ने ईरान पर किए ताबड़तोड़ हमले



