Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी के दौरे पर न्यूजीलैंड की विपक्षी लेबर पार्टी का बड़ा समर्थन, FTA को बताया दोनों देशों के रिश्तों का नया अध्याय

New Zealand Opposition Party: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर वहां की प्रमुख विपक्षी पार्टी लेबर पार्टी ने दाेनों देशों के संबंधों पर बड़ा बयान दिया है। पार्टी की विदेश मामलों की प्रवक्ता वनुशी वाल्टर्स ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा दोनों देशों के रिश्तों में एक ऐतिहासिक और अहम पड़ाव है। उन्होंने कहा कि यह न्यूजीलैंड के लिए बहुत उत्साहजनक है। PM मोदी की यात्रा हमारे दोनों देशों के रिश्तों में एक अहम पड़ाव है। मुझे लगता है कि यह न्यूजीलैंड और भारत के बीच बढ़ती दोस्ती को दिखाता है, जो आपसी सम्मान और मजबूत सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित है। उन्होंने आगे कहा कि भारत एक बहुत महत्वपूर्ण साझेदार है और नेशनल पार्टी और लेबर पार्टी, दोनों ही इस बात से सहमत हैं। लेबर पार्टी ने FTA पर हस्ताक्षर करने के लिए समर्थन दिया है। विदेश मामलों की प्रवक्ता के तौर पर मेरी प्राथमिकता इस साझेदारी को और आगे बढ़ाना होगी और मैं उम्मीद करती हूं कि नवंबर में चुनाव के बाद जल्द ही भारत का दौरा करूंगी। 

यह भी पढ़ें:- 40 साल बाद न्यूजीलैंड पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री, PM क्रिस्टोफर लक्सन ने गले लगाकर किया PM मोदी का स्वागत, FTA, UPI और सीधी उड़ानों पर रहेगी नजर

भारत-न्यूजीलैंड FTA पर वनुशी वाल्टर्स ने कहा कि मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी है, इसीलिए हमने इसका समर्थन किया है। FTA की दिशा में काम लेबर पार्टी की सरकार के समय ही शुरू हो गया था, जब विदेश और व्यापार मंत्री बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे। अब हम उस मुकाम पर हैं, जहां समझौते पर हस्ताक्षर हो चुके हैं और हम संसद में उस कानून का समर्थन कर रहे हैं। मुझे लगता है कि सबसे जरूरी काम तो अभी बाकी है। हमने एक-दूसरे से ये वादे किए हैं और हमारे सामने 15 साल का समय है, जिसमें हम अपने एक्सपोर्टर्स की मदद करना चाहते हैं, ताकि वे जमीनी स्तर पर संबंध बना सकें। मुझे लगता है कि यह समझौता लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने का भी मौका देता है, इसलिए हमने ऐसे वीजा को बढ़ावा दिया है, जो छात्रों और वर्कर्स के अधिकारों के लिए मददगार होंगे, क्योंकि हम लेबर पार्टी हैं, इसलिए हमारी मुख्य चिंता अक्सर वर्कर्स के साथ सही व्यवहार की होती है। इसीलिए हम सरकार से खास उपाय करने को कहते हैं, ताकि यह पक्का किया जा सके कि भारत से न्यूजीलैंड आने वाले वर्कर्स के कानूनी अधिकारों की भी सुरक्षा हो। 

PM मोदी विपक्षी नेताओं से भी करेंगे मुलाकात

विदेश मामलों की प्रवक्ता वनुशी वाल्टर्स ने कहा कि कल कई कार्यक्रम हैं, जिनमें PM मोदी शामिल होंगे। इसी सिलसिले में वह मुझसे, एक ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव और विपक्ष के नेता से मुलाकात करेंगे। PM मोदी से मुलाकात पर कहा किविदेश मामलों की प्रवक्ता के तौर पर मेरे लिए सबसे अहम बात लेबर नेताओं की इस बात को दोहराना है कि फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को आगे बढ़ाने के मामले में इस सरकार को पूरा समर्थन हासिल है। उन सभी दायित्वों को पूरा करने में हमें एक से ज्यादा सरकारों या सरकारों के एक से ज्यादा कार्यकाल की जरूरत होगी। इसलिए यह एक ऐसी बात है जिस पर संसद के दोनों पक्षों को मजबूती से कायम रहना होगा। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से पहले खालिस्तान के मुद्दे पर कहा कि मुझे लगता है कि हम लोगों की चिंता को समझते हैं। न्यूजीलैंड में हमारे पास अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा करने वाले कानून तो हैं, लेकिन वे पूरी तरह से असीमित नहीं हैं। अगर व्यवहार बहुत ज्यादा उग्र हो जाता है या उससे कोई खतरा पैदा होता है या नफरत फैलती है, तो निश्चित रूप से हमारे घरेलू कानून लागू होंगे। हम इसी बात पर नजर रखेंगे। हालांकि हम इस बात का भी पूरा ध्यान रखते हैं कि न्यूजीलैंड में हम अभिव्यक्ति की आजादी को अपनी अहम प्राथमिकताओं में से एक मानते हैं। 

भारतीय मूल के लोगों पर नस्लीय हमले स्वीकार्य नहीं: वनुशी वाल्टर्स 

नस्लवादी हमलों पर वनुशी वाल्टर्स ने कहा कि मुझे लगता है कि नस्लवाद बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। मैं एक दक्षिण एशियाई न्यूजीलैंडर हूं। इसलिए मैं जानती हूं कि ऐसा कभी-कभी होता है, लेकिन मेरा मानना है कि एक तो यह स्वीकार्य नहीं है और दूसरा, हमारे देश के नेताओं को ऐसी नस्लवादी बातें नहीं कहनी चाहिए। मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि जब लेबर पार्टी सरकार में थी तो हमने एथनिक समुदायों यानी अलग-अलग मूल के समुदायों के लिए एक मंत्रालय बनाया था। हमने यह मंत्रालय इसलिए बनाया था, ताकि यह पूरे न्यूजीलैंड में हमारे अलग-अलग संस्कृतियों वाले समुदायों को सभी तरह की पृष्ठभूमि वाले न्यूजीलैंडर्स के साथ जुड़ने में मदद कर सके। यह बहुत सफल रहा है। हमें इसे और आगे बढ़ाने की जरूरत है। मेरा मानना है कि हमारे स्कूलों को विविधता को अपनाने और उसे बढ़ावा देने के लिए और ज्यादा काम करने की जरूरत है, लेकिन निश्चित रूप से जब भी नस्लवाद हो, हमें उसके खिलाफ आवाज भी उठानी चाहिए। (New Zealand Opposition Party)

मोदी दौरे से रिश्तों को मिलेगी नई गति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का न्यूजीलैंड दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, शिक्षा, रक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग तेजी से बढ़ रहा है। लेबर पार्टी के खुले समर्थन से यह संकेत भी मिला है कि भारत-न्यूजीलैंड संबंध किसी एक सरकार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों की राजनीतिक सहमति और दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी का हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने वाली साबित हो सकती है। चार दशक बाद भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों में नई ऊर्जा का संचार होता दिख रहा है। अब दुनिया की नजर इस बात पर होगी कि यह ऐतिहासिक दौरा दोनों देशों की साझेदारी को कितनी नई ऊंचाइयों तक ले जाता है। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा सिर्फ कूटनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी के नए दौर का संकेत भी है। आने वाले दिनों में इस दौरे के नतीजे दोनों देशों के रिश्तों की नई तस्वीर तय करेंगे। (New Zealand Opposition Party)

Back to top button
error: Content is protected !!