Google Analytics —— Meta Pixel

स्कूटर से स्मार्टफोन तक 40 साल में बदल गया भारत का लाइफस्टाइल, आसान फाइनेंस और बढ़ती आय ने लग्जरी को बनाया आम

India New Luxury Era: भारत में पिछले चार दशकों के दौरान आर्थिक विकास, तकनीकी क्रांति और बढ़ती उपभोक्ता क्षमता ने लोगों की जीवनशैली को पूरी तरह बदल दिया है, जो चीजें कभी संपन्नता और लग्जरी की पहचान मानी जाती थी, वे अब आम मध्यम वर्ग और कई मामलों में निम्न-मध्यम वर्ग की पहुंच में आ चुकी हैं। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26, हाउसहोल्ड कंजम्प्शन एक्सपेंडिचर सर्वे 2023-24 और अलग-अलग राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय रिसर्च एजेंसियों के आंकड़े बताते हैं कि भारत में लग्जरी की परिभाषा अब महंगी वस्तुओं से आगे बढ़कर समय, सुविधा, व्यक्तिगत अनुभव और बेहतर जीवन गुणवत्ता तक पहुंच गई है। करीब 40 साल पहले घर में लैंडलाइन फोन होना ही संपन्नता का प्रतीक माना जाता था। 1995 में मोबाइल सेवाएं शुरू हुईं तो एक मोबाइल हैंडसेट की कीमत 25 से 40 हजार रुपए तक होती थी और इनकमिंग कॉल पर भी प्रति मिनट 7-8 रुपए खर्च करने पड़ते थे। 

यह भी पढ़ें:- आयकर विभाग लोगों को परेशान न करे, जनता की भलाई के लिए काम करे: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। देश में 125 करोड़ से ज्यादा मोबाइल कनेक्शन हैं और 95 प्रतिशत से ज्यादा परिवारों के पास मोबाइल फोन उपलब्ध हैं। इसी तरह फ्रिज, रंगीन टीवी और अन्य घरेलू उपकरण भी कभी लग्जरी माने जाते थे। 2011-12 में ग्रामीण भारत के सिर्फ 9.4 प्रतिशत घरों में फ्रिज था, जो 2023-24 में बढ़कर 33.2 प्रतिशत हो गया। वहीं शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 43.8 प्रतिशत से बढ़कर 68.1 प्रतिशत तक पहुंच गया। 1990 के दशक में देश में सालभर में सिर्फ करीब 1 करोड़ घरेलू हवाई यात्राएं होती थीं। अब यह संख्या बढ़कर हर साल 16 करोड़ से ज्यादा हो चुकी है। कम किराए वाली एयरलाइंस, बेहतर कनेक्टिविटी और बढ़ती आय ने हवाई यात्रा को पहले की तुलना में कहीं ज्यादा सुलभ बना दिया है।

कार और दोपहिया वाहन भी हुए आम

एक समय कार खरीदना बड़े सपने जैसा माना जाता था, जबकि स्कूटर और मोटरसाइकिल के लिए सालों तक इंतजार करना पड़ता था। आज उत्पादन क्षमता बढ़ने, आसान फाइनेंस और बढ़ती आय के कारण वाहन खरीदना पहले की तुलना में कहीं आसान हो गया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 2011-12 में देश के केवल 19 प्रतिशत परिवारों के पास कार या अन्य चारपहिया वाहन थे। 2023-24 में यह आंकड़ा बढ़कर 59 प्रतिशत हो गया। शहरी क्षेत्रों में यह हिस्सा 40.1 प्रतिशत से बढ़कर 68.2 प्रतिशत तक पहुंच गया। भारत अब वैश्विक लग्जरी बाजार में तेजी से उभर रहा है। डी बियर्स इंडिया डायमंड एक्विजिशन स्टडी के मुताबिक भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा डायमंड ज्वेलरी बाजार बन चुका है। वैश्विक मांग में भारत की हिस्सेदारी 2019 के 10 प्रतिशत से बढ़कर 12 प्रतिशत हो गई है। (India New Luxury Era)

बढ़ रही लोगों की आय और खर्च करने की क्षमता

इप्सॉस की रिपोर्ट के मुताबिक भारत का लग्जरी बाजार 2025 में करीब 1.1 लाख करोड़ रुपए का रहा और आने वाले सालों में इसमें तेज वृद्धि की संभावना है। भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते लग्जरी बाजारों में शामिल हो चुका है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में लोगों की खर्च करने योग्य आय 2023-24 में 294.55 लाख करोड़ रुपए थी, जो 2024-25 में बढ़कर करीब 325 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई। विशेषज्ञों का अनुमान है कि 2023 से 2028 के बीच अल्ट्रा हाई नेट वर्थ इंडिविजुअल्स की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि होगी। वहीं 2027 तक भारत में नए समृद्ध उपभोक्ताओं की संख्या करीब 10 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है, जो लग्जरी उत्पादों की मांग को और गति देंगे। बदलती जीवनशैली के साथ लग्जरी की सोच भी बदल रही है। अब सिर्फ महंगी वस्तुएं ही नहीं, बल्कि बेहतर अनुभव और सुविधाएं भी लग्जरी मानी जा रही हैं।

भारत में बदल रहे लग्जरी के नए ट्रेंड

महंगी घड़ियां, ज्वेलरी और कला संग्रह निवेश का माध्यम बन रहे हैं। ग्राहकों की पसंद के मुताबिक तैयार किए गए कस्टमाइज उत्पादों की मांग बढ़ रही है। सोशल मीडिया लग्जरी ब्रांड खोजने और खरीदने का बड़ा मंच बन गया है। लग्जरी यात्रा, वेलनेस, निजी सेवाओं और एक्सक्लूसिव अनुभवों पर खर्च बढ़ रहा है। आयुर्वेद, भारतीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद वैश्विक लग्जरी बाजार में पहचान बना रहे हैं। नई पीढ़ी पर्यावरण-अनुकूल और नैतिक उत्पादन वाले ब्रांडों को प्राथमिकता दे रही है। भारतीय लग्जरी ब्रांड अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), वर्चुअल ट्राई-ऑन और डिजिटल सेवाएं ग्राहकों को व्यक्तिगत अनुभव दे रही हैं। अब लग्जरी का अर्थ सिर्फ महंगी वस्तुएं नहीं, बल्कि समय, मानसिक शांति, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन गुणवत्ता भी माना जा रहा है। आसान फाइनेंसिंग और ईएमआई विकल्पों ने प्रीमियम उत्पादों को मध्यम वर्ग की पहुंच में ला दिया है।

बदल चुकी है लग्जरी की परिभाषा

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में आर्थिक प्रगति, डिजिटलीकरण, बढ़ती आय और उपभोक्ताओं की बदलती प्राथमिकताओं ने लग्जरी की पारंपरिक सोच को बदल दिया है, जहां पहले महंगे सामान संपन्नता की पहचान थे, वहीं अब सुविधा, समय की बचत, व्यक्तिगत अनुभव, बेहतर स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता नई लग्जरी के रूप में उभरकर सामने आ रहे हैं। भारत का तेजी से बढ़ता मध्यम वर्ग और डिजिटल अर्थव्यवस्था आने वाले सालों में इस बदलाव को और मजबूत करने वाले प्रमुख कारक माने जा रहे हैं, जो सुविधाएं कभी अमीरी की पहचान थी, वे आज करोड़ों भारतीयों की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी हैं। बदलते भारत में अब लग्जरी का मतलब सिर्फ सामान नहीं, बल्कि बेहतर जीवनशैली है। बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीक ने लोगों के सपनों को हकीकत में बदला है। आने वाले समय में लग्जरी की परिभाषा और भी ज्यादा व्यक्तिगत अनुभवों के इर्द-गिर्द घूमती नजर आएगी। (India New Luxury Era)

Back to top button
error: Content is protected !!