शख्स ने परिवार के चार लोगों को उतारा मौत के घाट, मां ने खोली थी रस्सी, फिर उसी बेटे ने मचाया तांडव

Mass Murder in Anuppur: मध्यप्रदेश के अनूपपुर से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है, जहां अमोदा बिजौरा गांव में एक शख्स ने लाठी-डंडे और पत्थर से हमला कर अपने ही परिवार के चार लोगों की जान ले ली। मृतकों में उसकी मां, नाना, नानी और मामा की बेटी शामिल हैं। हमले में परिवार के अन्य सदस्य और मंदिर के पुजारी भी घायल हुए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी शख्स प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जानकारी के मुताबिक प्रेम सिंह करीब एक हफ्ते पहले अपनी मां अनुपिया बाई के साथ अमोदा बिजौरा स्थित अपने नाना-नानी के घर आया था।
यह भी पढ़ें:- सड़क के बीच नशे में युवक का नागिन डांस, देखने जुटे राहगीर; पुलिस ने संभाला मोर्चा
शुक्रवार रात उसका सनी धाम के पुजारी गंगाराम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि शख्स ने पुजारी पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में पुजारी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शख्स को पकड़कर उसके नाना-नानी के घर ले गए। वहां उसे रस्सी से बांध दिया गया, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। परिजनों के मुताबिक सुबह परिवार के लोग अपने-अपने काम में लगे थे। इसी दौरान अनुपिया बाई ने अपने बेटे प्रेम सिंह को रस्सी से खोल दिया। शायद मां को लगा होगा कि बेटा अब शांत हो गया है और उसे बांधकर रखना जरूरी नहीं है, लेकिन रस्सी खुलते ही प्रेम सिंह घर की तरफ चला गया और उसने लाठी और पत्थर से सामने आने वाले लोगों पर हमला शुरू कर दिया। (Mass Murder in Anuppur)
6 साल की बच्ची ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
सबसे पहले उसने अपनी मां अनुपिया बाई, नाना संपत सिंह और नानी भन्नी बाई पर हमला किया। बुजुर्ग दंपती को भी नहीं बख्शा गया। हमले में नाना की आंखों पर गंभीर चोट आई। घर का आंगन चीख-पुकार और खून से भर गया। हमले के दौरान घर में बच्चे भी मौजूद थे। आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। परिवार की करीब 6 साल की बच्ची मोनिका सिंह गंभीर रूप से घायल हुई। उसे इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके अलावा भारती और चंचल समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। भारती की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे आईसीयू में रखा गया है। परिवार के लिए सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जिस घर में बच्चे खेलते थे, उसी घर के आंगन में एक के बाद एक अपनों की लाशें पड़ी थी। (Mass Murder in Anuppur)
मामा बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला
घटना की जानकारी मिलने पर आरोपी के मामा चैन सिंह मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि एक बच्ची किसी तरह वहां से निकलकर जंगल की ओर भागी और उसने चैन सिंह को घटना की जानकारी दी। चैन सिंह घर पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में चैन सिंह के हाथ में फ्रैक्चर और सिर में चोट आई है। इसके बाद शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। उसे दोबारा रस्सी से बांधा गया, तब तक परिवार के तीन लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक बच्ची ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतिका अनुपिया बाई का ससुराल उमरिया जिले के नौरोजाबाद के पास मरदरी गांव में है। उसके पति की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी है। उनके दो बेटे हैं। आरोपी प्रेम सिंह बड़ा बेटा है।

लोगों ने बताया कि आरोपी ने लाठी-डंडे और ईंट से पीट-पीटकर चारों की जान ले ली। हमले में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि गंभीर रूप से घायल 6 साल की बच्ची की शहडोल मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान जान चली गई। मृतकों की पहचान आरोपी के नाना संपत सिंह (70 साल), नानी भन्नी बाई (65 साल) और मां अनुप्रिया बाई (50 साल) के रूप में हुई है। हमले में पुजारी गंगासिंह, चैनसिंह, 5 साल की मुनका और 3 साल की भारती गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। आरोपी प्रेमसिंह गोंड (32 साल) उमरिया जिले के नौरोजाबाद का रहने वाला है, जो एक हफ्ते पहले ही अपनी मां के साथ अमोदा स्थित अपने ननिहाल आया था। आरोपी की पहले से आपराधिक और मानसिक विक्षिप्तता की हिस्ट्री रही है।
आरोपी के व्यवहार को लेकर सामने आई जानकारी
बताया गया कि तबीयत खराब होने के चलते अनुपिया करीब एक हफ्ते पहले ही अपने मायके आई थी। (Mass Murder in Anuppur) उसे शायद अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि जिस घर में वह इलाज और अपनों के सहारे के लिए आई है, वही घर उसके लिए आखिरी ठिकाना बन जाएगा। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रेम सिंह का व्यवहार पहले भी हिंसक रहा है। बताया गया कि करीब एक साल पहले उसने अपनी मां के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था और उसे जेल भी जाना पड़ा था। यह भी कहा जा रहा है कि उसकी पत्नी करीब तीन साल पहले मारपीट से परेशान होकर उसे छोड़कर चली गई थी। स्थानीय लोगों ने आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात भी कही है। आरोपी मरदरी गांव का उपसरपंच बताया जा रहा है। फिलहाल अनूपपुर की इस दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने से हर कोई स्तब्ध है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और जांच के बाद ही इस खूनी वारदात की असली वजह पूरी तरह सामने आएगी।




