लापता 2 SPO के शव मिलने के बाद सियासत तेज, पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला बोले- आतंकवाद अभी भी मौजूद, बीजेपी ने कहा- आतंकियों को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब

Kishtwar SPO Murder Case: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की है। डाचन-मरवाह इलाके से लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स यानी SPO के शव बरामद किए गए हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद के मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है। बीजेपी विधायक शगुन परिहार से लेकर नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने घटना पर दुख जताते हुए आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं फारूक अब्दुल्ला और डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने आतंकवाद और जम्मू-कश्मीर के हालात को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष सुनिल शर्मा ने कहा कि कल जो घटना हुई, वो बहुत दुखद है और हमें इसका बहुत अफसोस है। सुरक्षाबल इसको लेकर बहुत सतर्क और सक्रिय हैं। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इन आतंकवादियों को भी मारकर जम्मू-कश्मीर से खासकर कि किश्तवाड़ से आतंकवाद का सफाया करेंगे।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में हड़ताली पटवारियों पर सरकार की बड़ी कार्रवाई, 107 निलंबित; 1007 की सेवा पर ब्रेक, 3931 को नोटिस
उन्होंने आगे कहा कि जम्मू कश्मीर में शांति स्थापित होने की ओर है। हताश तत्व, हताश आतंकी अभी भी अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए इस प्रकार की वारदातों को अंजाम देते हैं। कल हमारे दो SPO को घने जंगलों में आतंकियों ने अगवा किया है, जिनके शव बरामद हुए हैं, जो आतंक लगभग खात्मे की ओर है, अभी उनकी मौजूदगी दिख रही है। ये हमारे लिए चिंताजनक बात है। किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने कहा कि हमारे 2 SPO मारे गए हैं, यह बहुत दुखद है। इन SPO की वजह से हमारे गांव के लोग महफूज रहते हैं। आतंकवादियों ने जिस तरह का हमला किया है, मैं इसकी कड़ी शब्दों में निंदा करती हूं। मुझे गृहमंत्री अमित शाह और सुरक्षा बलों पर पूरा विश्वास है कि जल्द से जल्द इन दोनों की मौत का बदला लिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि यह एक बेहद दुखद घटना है। हमारे दो SPO की हत्या कर दी गई है। कल रात उनके लापता होने की सूचना मिली थी और आज सुबह उनके शव बरामद हुए हैं। पाकिस्तान अपनी नापाक साजिशों से बाज नहीं आ रहा है। (Kishtwar SPO Murder Case)

वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कहा कि किश्तवाड़ में दो बहादुर स्पेशल पुलिस अधिकारियों की दुखद शहादत से गहरा आघात लगा है। यह घटना कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए आतंकी हमले के ठीक एक दिन बाद घटी है। मैं हमारे इन बहादुरों के साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन करता हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और मैं घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट और दृढ़ है। कोई भी आतंकी कृत्य हमारे देश की रक्षा करने, अपने लोगों को सुरक्षित रखने और शांति बनाए रखने के हमारे सामूहिक संकल्प को कमजोर नहीं कर सकता। जम्मू-कश्मीर के डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने कहा कि कल कुलगाम पर आतंकी हमला हुआ और वहां हमारे सुरक्षाकर्मी जख्मी हुए हैं। आज वहां फिर दोबारा हमला हुआ है और वहां फिर हमारे सुरक्षाकर्मी शहीद हुए हैं। हमें इस बात का दुख है। 80 साल की आजादी के बाद भी जम्मू-कश्मीर ने बहुत नुकसान झेला है। हमने सबसे ज्यादा नुकसान 5 अगस्त 2019 को देखा था, जब हमारे राज्य का दर्जा हमसे छीना गया था। 2019 के बाद से कौन सा उग्रवाद या भ्रष्टाचार रुका है? भाजपा के लोगों को केवल अपना एजेंडा पूरा करना था।

जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि उन्हें याद रखना चाहिए कि आतंकवाद कभी भी कामयाब नहीं हो सकता। वे समझते है कि ये करके वे कश्मीर को खा जाएंगे तो उनको इस गलत फहमी से निकल जाना चाहिए। अफसोस है कि जो दिल्ली में रोज चिल्लाते हैं कि आतंकवाद खत्म हो गया उनको याद दिलाना चाहता हूं कि आतंकवाद अभी भी है। इस आतंकवाद को खत्म करने के रास्ते निकालने चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि आतंकवाद है, लेकिन इससे हमें घबराना नहीं है। कश्मीर हिंदुस्तान का हिस्सा था, है, और रहेगा वे कर लें जो उन्हें करना है। किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की चुनौती को सामने ला दिया है। एक तरफ सुरक्षा बल आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटे हैं तो दूसरी तरफ इस घटना ने सियासी बयानबाजी को भी तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि सुरक्षा एजेंसियां इन हत्याओं के जिम्मेदार आतंकियों तक कब तक पहुंचती हैं और घाटी में शांति बहाल करने की कोशिशों को कितनी मजबूती मिलती है। (Kishtwar SPO Murder Case)



