Bilaspur Crime : पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, साले ने जीजा पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार; आरोपी गिरफ्तार
Bilaspur Crime : न्यायधानी बिलासपुर में पारिवारिक विवाद के चलते चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित धूरीपारा में एक युवक ने अपने जीजा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में समीर खान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले में आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। विवाद की स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
डेढ़ साल पहले युवती को भगाकर की थी शादी
जानकारी के मुताबिक, समीर खान अमूल दूध की गाड़ी चलाता है। करीब डेढ़ साल पहले वह मोहल्ले में रहने वाली कमलेश्वरी कश्यप उर्फ सनाया को अपने साथ ले गया था और उससे शादी कर ली थी। बताया गया है कि उस समय युवती नाबालिग थी, जिसके चलते समीर को जेल भी जाना पड़ा था। जेल से रिहा होने के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। (Bilaspur Crime)
मजार से लौटते समय हुआ आमना-सामना
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी के साथ मजार से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना पत्नी के भाई ओमप्रकाश कश्यप से हो गया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ओमप्रकाश ने समीर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
आरोपी के परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
घटना के बाद आरोपी के परिजनों ने अलग पक्ष रखते हुए आरोप लगाया कि चाकू से हमला करने से पहले समीर के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद ओमप्रकाश ने उस पर चाकू से वार किए। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
आरोपी गिरफ्तार, इलाके में पुलिस बल तैनात
चाकूबाजी की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल समीर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पक्षों के बीच पहले से चले आ रहे विवाद को देखते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। (Bilaspur Crime)



