बाप तो आखिर बाप होता है…देवेंद्र यादव पर भूपेश बघेल के पूर्व OSD का तंज, पोस्ट से छिड़ा सियासी विवाद

Manish Banchhor Social Media Post: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल के बाद अंदरूनी सियासत को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। AICC की राष्ट्रीय सचिवों की नई सूची में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव का नाम शामिल नहीं होने के बाद अब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने राजनीतिक विवाद को और हवा दे दी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व OSD मनीष बंछोर ने सोशल मीडिया पर लिखा- बाप तो आखिर बाप होता है…जिस डाल पर बैठे हो, उसी को काटोगे तो गिरना तय है। इस पोस्ट को देवेंद्र यादव से जोड़कर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि मनीष बंछोर ने अपनी पोस्ट के साथ कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों की सूची भी साझा की है। इसके बाद भाजपा ने कांग्रेस की गुटबाजी पर चुटकी ली है। वहीं कांग्रेस ने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए भाजपा को अपनी सरकार के मुद्दों पर ध्यान देने की सलाह दी है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में हुए बदलाव के बाद मनीष बंछोर की सोशल मीडिया पोस्ट राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। उन्होंने पोस्ट में लिखा- बाप तो बाप रहेगा, जिस डाल पर बैठे हो, उसी को काटोगे तो गिरना तय है…इति सिद्धम। मनीष बंछोर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के OSD रह चुके हैं। ऐसे में उनकी इस टिप्पणी को सामान्य सोशल मीडिया पोस्ट के बजाय कांग्रेस के भीतर चल रहे राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। पोस्ट में किसी नेता का नाम सीधे तौर पर नहीं लिखा गया है, लेकिन इसके साथ AICC की नई सचिवों की सूची साझा किए जाने के कारण इसे देवेंद्र यादव पर निशाने के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में हुए फेरबदल के तहत देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। नई सूची में उनका नाम नहीं होने के बाद प्रदेश कांग्रेस के भीतर अलग-अलग राजनीतिक गुटों को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। मनीष बंछोर की टिप्पणी ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है।
देवेंद्र को हटाने को भूपेश गुट की जीत से जोड़कर चर्चा
AICC की नई सूची में देवेंद्र यादव का नाम नहीं आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे कांग्रेस के भीतर चल रहे शक्ति संतुलन से जोड़कर देखा जा रहा है। कुछ राजनीतिक चर्चाओं में इसे भूपेश बघेल खेमे की जीत के तौर पर भी प्रचारित किए जाने की बात सामने आ रही है। देवेंद्र यादव और भूपेश बघेल के बीच राजनीतिक दूरी को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में भूपेश बघेल के पूर्व OSD की पोस्ट को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह महज एक सामान्य टिप्पणी है या कांग्रेस के भीतर चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम पर किसी खास संदेश की ओर इशारा है? हालांकि, मनीष बंछोर ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम लेकर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा है। कांग्रेस के इस घटनाक्रम पर भाजपा ने भी जमकर निशाना साधा है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने वीडियो जारी कर शायराना और तुकबंदी वाले अंदाज में कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वेष, क्लेश, कलह और गुटबाजी में फंसी हुई है। (Manish Banchhor Social Media Post)
कांग्रेस बोली- नियुक्तियां हमारा इंटरनल मामला
संतोष पांडेय ने कहा- अपनी डफली अपना राग, अपना नगाड़ा अपना फाग। भूपेश-ताम्रध्वज एक ही डाल पर, यादव हुए डाउनफॉल पर। इसके साथ ही उन्होंने मेरी बिल्ली मुझी से म्याऊं, तेरी पुंगी बना भिलाई में बजाऊं जैसे शब्दों के जरिए भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के संगठनात्मक फेरबदल पर तंज कसते हुए तीन प्रभारी सचिवों को हटाए जाने का भी जिक्र किया। भाजपा सांसद की इस टिप्पणी को कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान और नेताओं के बीच राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा सांसद संतोष पांडेय के बयान पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस में किसे जिम्मेदारी देनी है और किसे नहीं, यह पार्टी का अपना आंतरिक मामला है। भाजपा नेताओं को कांग्रेस की नियुक्तियों पर टिप्पणी करने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज पर ध्यान देना चाहिए। सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद के पास अपनी सरकार की उपलब्धियों और समस्याओं पर बोलने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे कांग्रेस की नियुक्तियों को लेकर शायरी और पहेलियां बना रहे हैं। (Manish Banchhor Social Media Post)
संगठनात्मक फेरबदल से खुलकर सामने आई सियासी खींचतान ?
उन्होंने धान खरीदी के दौरान किसानों को हो रही परेशानियों, पटवारियों की हड़ताल और डीएड अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए भाजपा से जवाब मांगा। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में कई जनहित से जुड़े मुद्दे हैं, जिन पर भाजपा को जवाब देना चाहिए, लेकिन पार्टी के नेता कांग्रेस के आंतरिक मामलों पर बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में हुए बदलाव के बाद छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। पहले भाजपा ने देवेंद्र यादव को जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने पर कांग्रेस की गुटबाजी का आरोप लगाया। इसके बाद संतोष पांडेय ने तुकबंदी के जरिए निशाना साधा और अब भूपेश बघेल के पूर्व OSD मनीष बंछोर की पोस्ट ने नई बहस छेड़ दी है। एक तरफ भाजपा इस घटनाक्रम को कांग्रेस के भीतर आपसी खींचतान और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई बता रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस इसे संगठन का आंतरिक फैसला बताकर भाजपा पर पलटवार कर रही है। हालांकि मनीष बंछोर की पोस्ट पर अभी तक देवेंद्र यादव की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

इधर, छत्तीसगढ़ कांग्रेस नई नियुक्ति को लेकर खुशी जताई है। ट्वीट कर कहा कि नवनियुक्त AICC सचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिव जितेंद्र बघेल, हरनाम सिंह को नवीन संगठनात्मक दायित्व के लिए हार्दिक बधाई-मंगलकामनाएं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस परिवार में आप दोनों का हार्दिक स्वागत है। हमें विश्वास है कि आपके अनुभव, नेतृत्व एवं मार्गदर्शन से प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। वहीं छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले निवर्तमान AICC सचिव एस. ए. संपत कुमार, जारिता लैतफलांग और विजय जांगिड़ के समर्पण, अथक परिश्रम और संगठनात्मक योगदान के लिए हृदय से आभार। आप सभी का मार्गदर्शन, सहयोग और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता सदैव स्मरणीय रहेगी। आप सभी के उज्ज्वल भविष्य और आगामी दायित्वों के लिए हार्दिक मंगलकामनाएं।


अब सवाल यह है कि क्या AICC की नई सूची महज संगठनात्मक बदलाव है या इसके पीछे छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अंदर चल रहे राजनीतिक समीकरण भी अहम भूमिका निभा रहे हैं? फिलहाल एक सोशल मीडिया पोस्ट ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस जरूर छेड़ दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में हुए बदलाव की चर्चा अब छत्तीसगढ़ में पार्टी के अंदरूनी समीकरणों तक पहुंच गई है। देवेंद्र यादव का नाम नई सूची से गायब होने के बाद भूपेश बघेल के पूर्व OSD की टिप्पणी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस की गुटबाजी का प्रमाण बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे अपना आंतरिक मामला कहकर बचाव कर रही है। लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि बिना किसी का नाम लिए की गई एक सोशल मीडिया पोस्ट ने प्रदेश की सियासत में इतनी हलचल मचा दी है। अब देखना होगा कि इस पूरे विवाद पर देवेंद्र यादव या भूपेश बघेल की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।



