कांग्रेस ने मेरा इस्तीफा लेने के बाद मुझे पार्टी से निकाला, संजय निरुपम का कांग्रेस पर पलटवार
Sanjay Nirupam News: मुंबई की राजनीति में उत्तर भारतीयों का प्रतिनिधित्व करने वाले संजय निरुपम में आखिरकार कांग्रेस को अलविदा कह दिया. एक दिन पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. शिवसेना से कांग्रेस में आए संजय निरुपम के अब शिवसेना शिंदे गुट में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं.
चुनाव की घोषणा के बाद से कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं की कतार में गुरुवार को एक और नेता शामिल हो गया. मुंबई पश्चिम की सीट पर उद्धव ठाकरे की ओर से अमोल कीर्तिकार को टिकट दिए जाने के बाद से कांग्रेस से नाराज चल रहे संजय निरुपम ने दो दिन पहले ही पार्टी को हफ्तेभर का अल्टीमेटम दिया था. अपने स्टार प्रचारक के रुख को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने उन्हें मनाने की बजाए पार्टी से बाहर करने का फैसला लिया. (Sanjay Nirupam News)
यह भी पढ़े :- General Election: सनातन विरोधी नारे नहीं लगा सकता…, पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने दिया इस्तीफा
अभी तक संजय निरुपम अपनी कवर फोटो और प्रोफाइल पिक में राहुल गांधी के साथ नजर आ रहे थे. संजय निरुपम ने पहले अपने प्रोफाइल में खुद को ‘ए कांग्रेस मैन’ लिखा था और अब उन्होंने यह भी हटा लिया है. दरअसल कांग्रेस और संजय निरुपम के बीच पिछले कई दिनों से सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था. खास तौर से मुंबई पश्चिम की सीट पर उद्धव ठाकरे की ओर से अमोल कीर्तिकार को टिकट दिए जाने के बाद से संजय कांग्रेस पर बरस रहे थे. साथ ही लगातार पार्टी के विरोध में बयानबाजी कर रहे थे.
संजय निरुपम ने क्या कहा?
संजय निरुपम ने ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा, ‘ऐसा दिखाई देता है कि कल रात पार्टी को मेरा त्यागपत्र मिलने के तुरंत बाद उसने मेरा निष्कासन जारी करने का निर्णय लिया. इतनी तत्परता देखकर अच्छा लगा. बस ये जानकारी साझा कर रहा हूं कि मैं आज साढ़े 11 से 12 बजे के बीच विस्तार से अपनी बात रखूंगा’. संजय निरुपम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.
एक्स पर संजय निरुपम ने बदला बायो
कांग्रेस से निष्कासित होने के बाद संजय निरुपम ने ‘X’ पर अपना बायो बदल लिया. निरुपम ने ‘X’ पर नया प्रोफाइल फोटो अपलोड किया है. निरुपम के खिलाफ कार्रवाई से पहले लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने उन्हें स्टार प्रचारक बनाया था. उस लिस्ट से भी निरुपम का नाम हटा दिया. साथ ही महाराष्ट्र कांग्रेस ने बुधवार को ही पार्टी से निकालने का प्रस्ताव पास किया था.
अविभाजित शिवसेना से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले संजय निरुपम ने साल 2009 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता था. निरुपम उत्तर-पश्चिम सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे. मुंबई उत्तर से सांसद रह चुके निरुपम ने कहा था कि कांग्रेस नेतृत्व को शिवसेना (यूबीटी) के आगे दबाव में झुकना नहीं चाहिए. बताया जाता है कि उद्धव ठाकरे की पार्टी के साथ सीट शेयरिंग को लेकर संजय निरुपम ने टिप्पणी की थी, जो कांग्रेस को नागवार लगी. अब सबकी नजरें संजय के अगले कदम पर टिकी हैं. (Sanjay Nirupam News)




