बस से टकराया आर्मी का ट्रक, हादसे में 2 लोगों की मौत

Road Accident in Rajgarh: मध्यप्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला राजगढ़ के पीलूखेड़ी गांव के पास का है, जहां सेना के ट्रक, यात्री बस और कार की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 15 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। SDOP उपेंद्र भाटी ने बताया कि सेना का ट्रक और कार भोपाल से ब्यावरा की ओर आ रहे थे। कार ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान कार का एक हिस्सा ट्रक के अगले हिस्से से जा टकराया।
यह भी पढ़ें:- PM Modi in Kashi: कल नामांकन, आज शक्ति प्रदर्शन, वाराणसी में पीएम मोदी का भव्य रोड शो, स्वागत में लगे नारे
टक्कर की वजह से ट्रक का बैलेंस बिगड़ा और वह सड़क की दूसरी लेन में जा घुसा। इस दौरान सामने से आ रही बस उससे टकरा गई। बस ब्यावरा से भोपाल की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ही गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कुरावर थाना प्रभारी मेहताब सिंह के मुताबिक हादसे में बस क्लीनर ओम कोरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल यात्री हरिओम शिवहरे ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। वह भोपाल जा रहा था। कार सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। (Road Accident in Rajgarh)
थाना प्रभारी सिंह ने बताया कि 15 घायलों में सेना के 3 जवान भी शामिल हैं। उनका इलाज भोपाल के आर्मी हॉस्पिटल में जारी है। जबकि दूसरे घायलों का इलाज हमीदिया अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था। प्राथमिक जानकारी में पुलिस ने सेना के दो जवान समेत 5 लोगों की मौत की बात कही थी। हालांकि घटनास्थल और घायलों की जांच के बाद पुलिस और सेना के अधिकारियों ने मृतकों की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट की। बता दें कि मध्यप्रदेश में लगातार सड़क हादसों की खबरें सामने आ रही है। (Road Accident in Rajgarh)




