एक्सप्रेस-वे पर ट्रक ने बस को मारी जोरदार टक्कर, हादसे में 5 लोगों की मौत, 11 घायल

Amethi Road Accident: देशभर में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला उत्तरप्रदेश के अमेठी का है, जहां पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक ने 60 लोगों से भरी बस को टक्कर मार दी, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का एक हिस्सा उड़ गया। हादसा शुक्ल बाजार थाने के पास हुआ है। जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली से बिहार के सीवान जा रही थी। इसी दौरान ये हादसा हुआ। सीओ अतुल सिंह के मुताबिक 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में 2 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:- आतंकी हमलों का हल कठोर कार्रवाई से होगा, न कि खोखले भाषणों और झूठे वादों से: राहुल गांधी
इधर, हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया, जिसके चलते रात में ही क्रेन बुलाकर बस को रास्ते से हटाया गया। तब जाकर जाम खुल सका। पुलिस के मुताबिक ट्रक एक्सप्रेस-वे पर खड़ा था। इस बीच तेज रफ्तार बस ने उसे एक तरफ से टक्कर मारी, जिससे बस का एक तरफा का हिस्सा अलग हो गया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के जरिए ट्रक का पता लगाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक ट्रक का पता नहीं चल पाया है। वहीं हादसे में जान गंवाने वालों लोगों की भी अब तक पहचान नहीं हो पाई है। (Amethi Road Accident)
7 जुलाई को भी हुआ था हादसा
गंभीर रुप से घायल 2 लोगों की पहचान हुई है। एक सीवान के केरवा निवासी अमरेश (26) और दूसरा अखिलेश कुमार (36) हैं। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। वहीं मामूली रूप से घायल यात्रियों को दूसरी बस से सीवान के लिए रवाना कर दिया है। हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। बता दें कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 7 जुलाई को भी इसी इलाके में हादसा हुआ था, जहां एक स्लीपर बस पलट गई थी। हादसे में 38 लोग घायल हुए थे, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। बस बिहार के मुजफ्फरपुर से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान ये हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक बस में 70 से 80 लोग सवार थे। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों का कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। (Amethi Road Accident)



