Google Analytics —— Meta Pixel

अग्निवीर योजना हिंदुस्तान के 90% लोगों के हाथ से पेंशन छीनने का जरिया: सांसद राहुल गांधी

Samvidhan Samman Sammelan: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित ‘संविधान सम्मान सम्मेलन’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संविधान हमारे स्वाभिमान का प्रतीक है, हमारी शक्ति है। ये हमारे अवसर और अधिकारों का संरक्षक है। हम हर कीमत पर संविधान की रक्षा करेंगे। ‘शिक्षित हो जाओ, आंदोलन करो, संगठित हो जाओ’ इन शब्दों का जो क्रम है, उसके बहुत मायने हैं। अगर आप शिक्षित होंगे तो अपने आसपास की चीजों को अच्छी तरह से समझ पाएंगे। इसके बाद ही आप आंदोलन के लिए, संघर्ष के लिए तैयार हो सकते हैं, क्योंकि बिना शिक्षा के आंदोलन की कोई दिशा नहीं होगी।

यह भी पढ़ें:- कल नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पढ़ें पूरी खबर

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि कोई भी आंदोलन बिना संगठित हुए नहीं हो सकता है, इसकी शक्ति का प्रभाव नहीं होगा। इसलिए संगठित होना जरूरी है। आज देश का एजुकेशन सिस्टम प्राइवेटाइज हो रहा है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान मैं हजारों बच्चों से मिला। सब कह रहे थे हम इंजीनियर, डॉक्टर और IAS बनना चाहते हैं, लेकिन सवाल है कि कितने बच्चे इंजीनियर, डॉक्टर और IAS बनेंगे। अगर 5-7% बनेंगे भी तो बाकी का क्या होगा। फिर जो इंजीनियर, डॉक्टर बनना चाहते हैं, उनके माता-पिता से लाखों-करोड़ों की फीस मांगी जाती है, जो वो नहीं दे पाते हैं। इतना सब होने के बाद भी कहा जाता है कि देश सुपर पावर बनेगा। अडानी-अंबानी देश में हर तरह का बिजनेस कर सकते हैं। (Samvidhan Samman Sammelan)

बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट में एक भी दलित नहीं: राहुल

उन्होंने कहा कि अगर देश का गरीब आदमी बिजनेस करना चाहेगा तो उसके रास्ते बंद कर दिए जाएंगे। इस देश को चक्रव्यूह की तरह 6 लोग चला रहे हैं, जिन्होंने देश के 90% लोगों के रास्ते बंद कर दिए हैं। आज देश की 200 बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट की लिस्ट में एक भी दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग का व्यक्ति नहीं है, लेकिन मीडिया में 24 घंटा ग्रोथ, प्रोग्रेस और सुपर पॉवर बनने जैसी बात कही जाती है। अग्निवीर योजना हिंदुस्तान के 90% लोगों के हाथ से पेंशन छीनने का जरिया है। पहले युवा सेना में जाता था तो सरकार कहती थी कि आपने देश सेवा की है इसलिए हम आपको, आपके परिवार को सुविधाएं देंगे। देश सेवा में जो जवान शहीद होते थे, उन्हें शहीद का दर्जा मिलता था, लेकिन मोदी सरकार ने अग्निवीर योजना लाकर जवान से पेंशन, सम्मान और शहीद का दर्जा छीन लिया। (Samvidhan Samman Sammelan)

50% आरक्षण की सीमा को हटाएंगे: राहुल गांधी

सांसद राहुल गांधी ने कहा कि देश में पब्लिक सेक्टर थे, इनमें रिजर्वेशन था और लोगों को रोजगार मिलता था, लेकिन मोदी सरकार ने पब्लिक सेक्टर यूनिट्स को प्राइवेटाइज करना शुरू कर दिया, जिससे रिजर्वेशन भी खत्म हो गया। ये प्राइवेटाइजेशन से ज्यादा डि-रिजर्वेशन था और RSS-BJP ये काम कई सालों से कर रही है। कांग्रेस का वादा है कि सरकार बनी तो 50% आरक्षण की सीमा को हटाएंगे। देश में जातिगत जनगणना कराएंगे। हम सिर्फ ‘जातिगत जनगणना’ की बात नहीं करते हैं, इसमें दो बातें और जुड़ती हैं- देश में किसकी कितनी आबादी है। सामाजिक-आर्थिक सर्वे- देश की संस्थाओं में दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की कितनी भागीदारी है। जैसे ही मैं जातिगत जनगणना की बात करता हूं, BJP के लोग कहते हैं कि ये नहीं होना चाहिए। (Samvidhan Samman Sammelan)

कांग्रेस सांसद ने PM मोदी पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने कहा कि BJP के लोग नहीं चाहते कि जनता को सच पता चले और वो जान सके कि देश को चलाने का सिस्टम किसके हाथ में है, लेकिन कांग्रेस जातिगत जनगणना कराएगी। ये होने से कोई रोक नहीं सकता। नरेंद्र मोदी पहले चुनावों में 400 पार की बात करते थे, लेकिन चुनावों में जनता ने बता दिया कि संविधान को सिर-माथे पर लगाना होगा। ये हिंदुस्तान की जनता की शक्ति है। बता दें कि PM मोदी ने महाराष्ट्र में करोड़ों के विकासकार्यों की सौगात दी है। महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव होंगे। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने महाराष्ट्र का दौरा करने शुरू कर दिया है। PM नरेंद्र मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक-दूसरे पर वार-पलटवार कर रहे हैं। (Samvidhan Samman Sammelan)

Back to top button
error: Content is protected !!