हर आतंकी हमले का जवाब तत्परता और कठोरता से दिया जाएगा: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Amit Shah in Poonch: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीमा पार से गोलाबारी में प्रभावित लोगों से मुलाकात की और पीड़ित परिवार को रोजगार नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जो घोर निंदनीय हमला किया था। रिहायासी, धार्मिक स्थानों पर हमला किया। वो हमले में हमारे जो नागरिक हताहत हुए उनके परिजनों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र देने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। हम सब जानते हैं कि इस मुआवजा और ये सरकारी नौकरी से आपके जीवन में जो क्षति हुई इसकी परिपूर्ति नहीं हो सकती है, लेकिन जम्मू-कश्मीर की सरकार और भारत सरकार का ये प्रतीक है। हम सब आपके साथ खड़े हैं। हर आतंकवादी हमले का जवाब इतनी ही तत्परता और इतनी कठोरता से दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- हमारी सेना के पराक्रम के आगे पाकिस्तान को गिड़गिड़ा कर युद्ध रोकने की मांग करने पर मजबूर होना पड़ा: PM नरेंद्र मोदी
शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में आतंकी अड्डों पर हुए हमलों से बौखलाए पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के रिहायशी इलाकों, गुरुद्वारों और मंदिरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इन कायराना कृत्यों में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके साथ PM मोदी के नेतृत्व में पूरा भारत कंधे से कंधा मिलाकर आपके साथ खड़ा है। शाह ने पाकिस्तानी सेना के गोलाबारी से प्रभावित गुरुद्वारा सिंह साहिब का दौरा किया और मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने कहा कि पाक-प्रायोजित आतंकवाद के जवाब में भारत की कार्रवाई से हताश पाकिस्तान ने गुरुद्वारे को निशाना बनाया। इस हमले में नुकसान झेलने वाले पुंछ स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में मत्था टेककर सिख संगत से भेंट की। मोदी सरकार अपने नागरिकों और भूमि पर हुए किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए संकल्पित है। (Amit Shah in Poonch)

वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पुंछ में गीता भवन मंदिर का दौरा किया और पूजा-अर्चना की। साथ ही पाकिस्तान के सीमा पार से गोलीबारी के कारण मंदिर को हुए नुकसान का निरीक्षण किया। शाह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ऐसे कुकृत्य करने वालों को करारा जवाब दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने पुंछ में BSF के जवानों से मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब भी भारतीय सीमा पर किसी भी तरह का हमला होता है, चाहे वह संगठित हो या असंगठित, चाहे वह गुप्त हो या सार्वजनिक, हमारे BSF के जवान सबसे पहले उसका सामना करते हैं। BSF के जवान 24 घंटे, 365 दिन उपलब्ध रहते हैं। वे सतर्क और समर्पित रहते हैं और इस वजह से किसी भी तरह का हमला देश को गहरी चोट नहीं पहुंचा पाता है, क्योंकि मेरे BSF जवान का सीना सबसे पहले उसका सामना करता है। (Amit Shah in Poonch)

गृहमंत्री शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में अपनी परंपराओं को कायम रखते हुए जम्मू फ्रंटियर के BSF जवान, राजस्थान फ्रंटियर के BSF जवान और सुदूर कच्छ सीमा पर तैनात जवान, सभी ने पूरी सजगता के साथ सीमा की सुरक्षा की। जब पाकिस्तान ने हमारी सीमा और हमारे नागरिक आवासीय क्षेत्रों पर हमला किया तो हमारे BSF जवानों ने जम्मू फ्रंटियर में 118 से ज्यादा पाकिस्तानी चौकियों को नष्ट और क्षतिग्रस्त कर दिया। अगर पाकिस्तान को सबसे बड़ा नुकसान हुआ है तो वह है उनके निगरानी उपकरणों का नष्ट होना और इसके कारण लंबे समय तक वे पूरी जानकारी के साथ लड़ाई नहीं कर पाए। 3 दिनों की अवधि में 118 से ज्यादा चौकियों को क्षतिग्रस्त या पूरी तरह से नष्ट करना बहुत बड़ी बात है और यह बहादुरी तभी संभव है, जब दिल में देशभक्ति की भावना हो और सर्वोच्च बलिदान देने का जुनून हो। (Amit Shah in Poonch)

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मुझे बताया गया था कि मौसम अच्छा नहीं है, लेकिन मैंने तय किया था कि मैं कार से जाऊंगा और BSF जवानों से मिलूंगा और भगवान ने खुद इसे अनुकूल बना दिया। मैं देश की जनता की ओर से आपको बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। शाह के पुंछ दौरे पर जिले की निवासी जसकिरन कौर ने कहा कि हमने उन्हें बताया कि गोलाबारी में किसको कितना नुकसान हुआ है। पाकिस्तान ने जो कायराना हरकत की है, उससे लोग डरे हुए हैं। हमें उम्मीद है कि अमित शाह हमें हमारे नुकसान की भरपाई दिलाने में मदद करेंगे। हम उनके साथ हैं और उम्मीद है कि वह हमारे साथ देंगे। हम सुबह से ही उनकी एक झलक पाने का इंतजार कर रहे थे। हमें पूरा भरोसा है कि वह हमारे लिए कुछ करेंगे। दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पुंछ के लोगों का बहुत हौसला अफजाई हुआ है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बताने आए थे कि भारत के लोग पुंछ के लोगों के साथ हैं, लेकिन पुंछ के लोगों ने बता दिया कि वे सेना के साथ हैं। हमने लोगों में उत्साह देखा है। (Amit Shah in Poonch)




