रूस से दोस्ती की कीमत वसूलेगा अमेरिका, ट्रंप ने भारत पर लगाया 25% टैरिफ

Trump announces 25% tariff on India : भारत और रूस के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी का असर अब अमेरिका की नीतियों में साफ झलकने लगा है। अमेरिका ने भारत से आयात होने वाली वस्तुओं और सेवाओं पर 25 प्रतिशत टैरिफ (Trump announces 25% tariff on India) लगाने की घोषणा कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर यह ऐलान किया।
तीन साल में गहरा हुआ भारत-रूस व्यापार
पिछले तीन वर्षों में भारत और रूस के बीच व्यापारिक संबंध काफी मजबूत हुए हैं। भारत ने रूस से भारी मात्रा में कच्चे तेल और सैन्य उपकरणों की खरीद की है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद जब पश्चिमी देशों ने रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए, तब भारत ने रियायती दरों पर रूसी तेल खरीदकर अपने ऊर्जा आयात का एक बड़ा हिस्सा रूस पर केंद्रित कर लिया।
ट्रंप का सीधा आरोप
ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा:- “याद रखें, भारत हमारा मित्र है, लेकिन उसके टैरिफ दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। भारत में गैर-मौद्रिक व्यापार प्रतिबंध भी बेहद कठोर हैं। इसके अलावा, भारत ने हमेशा अपने सैन्य उपकरणों का बड़ा हिस्सा रूस से खरीदा है और रूस व चीन के साथ मिलकर वह ऊर्जा का सबसे बड़ा खरीदार बना हुआ है — ऐसे समय में जब पूरी दुनिया चाहती है कि रूस यूक्रेन में हत्याएं रोके। इसलिए, भारत को 1 अगस्त से 25% टैरिफ और रूस से व्यापार के लिए अतिरिक्त जुर्माना देना होगा।”
एयरफोर्स वन में भी दिया था संकेत
ट्रंप ने इससे पहले एयरफोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संकेत दिया था कि भारत पर 20 से 25 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाया जा सकता है। हालांकि उस समय उन्होंने यह कहा था कि “अभी कुछ फाइनल नहीं है, लेकिन भारत को तैयार रहना चाहिए।”
पश्चिमी देशों की नाराजगी अब कार्रवाई में तब्दील
अमेरिका सहित कई पश्चिमी देशों ने पहले ही रूस से भारत के व्यापार को लेकर नाराजगी जताई थी, लेकिन अब यह नाराजगी बयानबाज़ी से निकलकर प्रत्यक्ष आर्थिक दबाव के रूप में सामने आ रही है।
भारत, जो कभी मुख्य रूप से मध्य-पूर्व से तेल आयात करता था, अब रूस से छूट पर बड़ी मात्रा में तेल खरीद रहा है। यह स्थिति अमेरिका के लिए असहज है, खासकर तब जब वह चाहता है कि रूस की अर्थव्यवस्था पर वैश्विक दबाव बना रहे।
भारत की प्रतिक्रिया पर सबकी नजर
फिलहाल भारत सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन माना जा रहा है कि यह निर्णय भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों में तनाव ला सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार भारत को अब राजनयिक संतुलन साधने की ज़रूरत है, ताकि एक ओर रूस के साथ उसका सामरिक संबंध बना रहे और दूसरी ओर अमेरिका के साथ उसका रणनीतिक सहयोग भी प्रभावित न हो। (Trump announces 25% tariff on India)



