राजधानी एक और वारदात से हड़कंप: किशोर पैकरा केस के बाद रायपुर में फिर लाश मिलने का मामला, युवती समेत तीन संदिग्ध हिरासत में
रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। किशोर पैकरा हत्याकांड की गूंज अभी थमी नहीं थी कि मंगलवार शाम कबीर नगर थाना क्षेत्र में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। इस बार एक युवक की लाश को चलती कार से सड़क पर फेंक दिया गया।
यह भी पढ़े :- Raipur Murder Case : दिल्ली से गिरफ्तार वकील दंपति रायपुर लाए गए, किशोर पैकरा हत्याकांड में सामने आए सनसनीखेज खुलासे
चलती कार से फेंका गया शव, टैटू से हुई पहचान
यह घटना शाम करीब 6:30 बजे बाल्मीकि नगर, कबीर नगर रोड के पास हुई। एक सफेद क्रेटा कार (CG 04 PY 1388) से युवक का शव बाहर फेंका गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को AIIMS रायपुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित किया। मृतक की पहचान मंदीप सिंह के रूप में हुई, जिसकी कलाई पर “Mandeep.S” नाम गुदा हुआ मिला।
CCTV से मिली कार की जानकारी, युवती समेत तीन हिरासत में
पुलिस ने इलाके की CCTV फुटेज की जांच कर कार की पहचान की और उसी आधार पर एक युवती और दो युवकों को हिरासत में लिया। पकड़े गए संदिग्धों में शामिल हैं:
साधना अग्रवाल उर्फ भूरी (उम्र 19), निवासी कबीर नगर
संतोष मिश्रा (उम्र 44), निवासी हीरापुर
एक अन्य युवक, जिसका नाम फिलहाल उजागर नहीं किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी उस समय नशे की हालत में थे। तीनों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
ड्रग्स ओवरडोज से मौत की आशंका
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि मृतक ड्रग्स का आदी था और उसने इंजेक्शन के माध्यम से नशीला पदार्थ नस में डाला था। उसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे घबरा कर आरोपियों ने उसे चलती कार से बाहर धकेल दिया और मौके से भाग निकले।
पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल शव AIIMS रायपुर में सुरक्षित रखा गया है और कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। कबीर नगर थाना पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम और ब्लड रिपोर्ट आने के बाद होगा।



