महात्मा बुद्ध का अहिंसा, प्रेम और करुणा का अमर संदेश मानवता के कल्याण का मूल मंत्र है: राष्ट्रपति मुर्मू

Buddha Purnima 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सभी देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर मैं सभी देशवासियों और पूरे विश्व में भगवान बुद्ध के अनुयायियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। करुणा के प्रतीक महात्मा बुद्ध का अहिंसा, प्रेम और करुणा का अमर संदेश समस्त मानवता के कल्याण का मूल मंत्र है। उनके आदर्शों से समानता, सद्भाव और न्याय जैसे शाश्वत मूल्यों में हमारी आस्था प्रबल होती है। उनकी शिक्षाएं हम सबको नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवन जीने के लिए प्रेरित करती हैं। आइए हम सब महात्मा बुद्ध की शिक्षाओं को अपनाएं और अपने जीवन में सदाचार का अनुसरण करते हुए शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में योगदान करें।
यह भी पढ़ें:- कल छत्तीसगढ़ आएंगे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में करेंगे शिरकत
PM मोदी ने ट्वीट कर कहा- सभी देशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की ढेरों शुभकामनाएं। सत्य, समानता और सद्भाव के सिद्धांत पर आधारित भगवान बुद्ध के संदेश मानवता के पथ-प्रदर्शक रहे हैं। त्याग और तप को समर्पित उनका जीवन विश्व समुदाय को सदैव करुणा और शांति के लिए प्रेरित करता रहेगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि ज्ञान, करुणा और अहिंसा के मार्ग पर चलकर मानव समाज को समानता और एकता का संदेश देने वाले भगवान बुद्ध का जीवन मनसा, वाचा और कर्मणा की त्रिवेणी है। भगवान बुद्ध से सभी के सुख और शांति की कामना करता हूं। (Buddha Purnima 2025)
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महात्मा बुद्ध ने लोगों को अहिंसा, समानता और विश्व बंधुत्व का संदेश दिया। उनकी शिक्षा को विदेशों में भी लोगों ने अपनाया और लाखों अनुयायी उनके दिखाये मार्ग पर चलकर देश-दुनिया को शांति का संदेश दे रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गौतम बुद्ध के उपदेश हर परिस्थिति और काल में प्रासंगिक हैं। उनकी दी गई शिक्षा हमें संयम से आगे बढ़ने का संदेश देती है। महात्मा बुद्ध के विचार और जीवन मूल्य एक बेहतर समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए हमेशा मार्गदर्शक रहेंगे। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि भगवान बुद्ध ने प्रेम, करूणा और अहिंसा की भावना को सर्वोपरि मानते हुए पूरे विश्व को नई राह दिखाई। (Buddha Purnima 2025)
CM योगी आदित्यनाथ ने किया आह्वान
उन्होंने कहा कि आज भी भगवान बुद्ध की शिक्षा प्रासंगिक है। इस समय आवश्यकता है कि समाज में सामाजिक सद्भाव और बंधुत्व कायम रखने के लिए उनके आदर्शों को अपनाते हुए उनके बताए हुए रास्ते पर चलें। UP के CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘बुद्ध पूर्णिमा’ के पावन अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भगवान बुद्ध का जीवन आत्म-बोध और नि:स्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता है। आइए हम सभी भगवान बुद्ध के ध्यान, करुणा और सह-अस्तित्व के पथ का अनुसरण कर समरस और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण का संकल्प लें। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि गौतम बुद्ध के विचारों ने मानवता को सत्य, करुणा और अहिंसा का रास्ता दिखाया। उनका जीवन आज भी हमें शांति, प्रेम और सद्भाव के आदर्शों पर चलने का मार्गदर्शन देता है। आप सभी को बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं। (Buddha Purnima 2025)



