देश में 1 जून 2024 से हुए ये 5 बड़े बदलाव, जानिए आप पर क्या पड़ेगा असर

Change From 1st June: महीने का पहला दिन यानी 1 जून अपने साथ 5 बड़े बदलाव लेकर आई है, जिसका असर सीधा आप पर पड़ेगा। बता दें कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आज से 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 72 रुपए तक घटा दिए हैं। ऐसे में दिल्ली में अब दाम 69.50 रुपए घटकर 1676 रुपए हो गए हैं। पहले ये 1 हजार 745.50 रुपए में मिल रहा था। वहीं कोलकाता में सिलेंडर 1787 रुपए में मिल रहा है। पहले इसके दाम 1 हजार 859 रुपए थे। मुंबई में सिलेंडर 1 हजार 629 रुपए में बिक रहा है। चेन्नई में सिलेंडर 1840.50 रुपए में मिल रहा है। हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें:- भारत में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान आज, 8 राज्यों की 57 सीटों पर वोटिंग जारी
14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर दिल्ली में 803 रुपए, कोलकाता में 829 रुपए, मुंबई में 802.50 रुपए और चेन्नई में 818.50 रुपए में मिल रहा है। वहीं ATF यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल के दाम घटने से हवाई सफर सस्ते हो सकते हैं। दरअसल, ऑइल मार्केटिंग कंपनियों ने महानगरों में ATF की कीमतों को घटा दिया है। दिल्ली में ATF 6 हजार 673.87 रुपए सस्ता होकर 94 हजार 969.01 रुपए प्रति किलोलीटर यानी 1000 लीटर हो गया है। वहीं चेन्नई में 98 हजार 557.14 रुपए प्रति किलोलीटर हो गया है। आधार और पैन लिंक नहीं होने पर आपको ज्यादा टैक्स देना होगा। (Change From 1st June)
पैन को आधार से लिंक नहीं कराने वालों को पड़ेगा महंगा
बता दें कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने करदाताओं को 31 मई से पहले पैन कार्ड को आधार से लिंक कराने को कहा था। फिलहाल पैन को आधार से लिंक करने पर 1 हजार रुपए की फीस लग रही है। इसके बाद भी अगर आपने पैन को आधार से लिंक नहीं कराया है तो आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है। पैन को आधार से लिंक नहीं करने पर आज से ज्यादा टीडीएस कटेगा। वहीं पैन को आधार से लिंक नहीं करने पर पैन इनऑपरेटिव भी हो जाएगा। हालांकि जो एग्जेम्प्टेड कैटेगरी में आते हैं वे प्रभावित नहीं होंगे। (Change From 1st June)
ड्राइविंग लाइसेंस के लिए RTO जाने की जरूरत नहीं
वहीं अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए RTO यानी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में टेस्ट देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर आप चाहे तो ड्राइविंग टेस्ट प्राइवेट ट्रेनिंग सेंटर या ड्राइविंग स्कूल में जाकर दे सकेंगे। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के नियमों में बदलाव किया है। नए नियम के मुताबिक नाबालिग के गाड़ी चलाते हुए पकड़े जाने पर माता-पिता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही 25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगेगा। इसके अलावा गाड़ी मालिक का रजिस्ट्रेशन रद्द किया जाएगा। इसके साथ ही नाबालिग 25 साल की उम्र तक लाइसेंस के लिए अयोग्य घोषित हो जाएगा। (Change From 1st June)
पंजाब नेशनल बैंक खाताधारकों के लिए खबर
अगर आपका भी पंजाब नेशनल बैंक में अकाउंट है तो ये खबर आपके लिए हैं। अगर आपने 3 साल से ज्यादा समय से खाते में कोई लेनदेन नहीं किया है तो अकाउंट बंद हो जाएगा। बैंक के मुताबिक 30 अप्रैल 2024 तक 3 साल से ज्यादा समय से अपना खाता संचालित नहीं करने वाले सभी खाताधारकों को नोटिस दिया गया है। वहीं कहा गया है कि ये खाते नोटिस की तारीख से एक महीने बाद बंद कर दिए जाएंगे। बैंक ने 6 मई को नोटिस दिया था। PNB ने कहा कि इन खातों का दुरुपयोग न हो इसलिए बैंक ने ऐसे खातों को बंद करने का फैसला लिया है। (Change From 1st June)
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव नहीं
इधर, 1 जून को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपए लीटर है तो डीजल 87.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। बता दें कि हर महीने के पहले दिन कोई न कोई बदलाव होता ही है, जो जनता पर सीधे असर डालता है। वहीं जून 2024 में शेयर बाजार में 11 दिन कारोबार नहीं होगा। इसमें 10 दिन शनिवार और रविवार को कारोबार नहीं होगा। इसके अलावा शेयर बाजार 17 मई को बकरीद पर बंद रहेगा। (Change From 1st June)



