देश की 5 प्रतिष्ठित हस्तियां आज होंगी भारत रत्‍न से सम्‍मानित, आडवाणी को उनके आवास पर दिया जाएगा सम्‍मान

Bharat Ratna : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज दो पूर्व प्रधानमंत्रियों (मरणोपरांत) और अनुभवी भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी समेत पांच प्रतिष्ठित हस्तियों को भारत रत्न से सम्मानित करेंगी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारत रत्न से सम्मानित होने वाली पांच हस्तियों में पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण को छोड़कर बाकी सभी – पूर्व प्रधान मंत्री चौधरी चरण सिंह तथा पी.वी. नरसिम्हा राव, प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक एम.एस. स्वामीनाथन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा।

भारत रत्‍न से सम्‍मानित करने के लिए समारोह का आयोजन राष्‍ट्रपति भवन में होगा। जानकारी के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के स्‍वास्‍थ्‍य के चलते राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अगले दिन उनके आवास पर जाकर उन्हें सम्मानित करेंगीं।

सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म X पर की थी घोषणा

3 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने पूर्व उप प्रधानमंत्री और बीजेपी के वर‍िष्‍ठ नेता लाल कृष्‍ण आडवाणी को ‘भारत रत्‍न’ (Bharat Ratna) से सम्मानित करने का ऐलान किया था। पीएम ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म X पर आडवाणी के साथ एक फोटो शेयर करते हुए पोस्‍ट में लिखा था ‘मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। मैंने भी उनसे बात की और इस सम्मान से सम्मानित होने पर उन्हें बधाई दी. लालकृष्‍ण आडवाणी हमारे समय के सबसे सम्मानित राजनेताओं में से एक हैं। भारत के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है. उनका जीवन जमीनी स्तर पर काम करने से शुरू होकर हमारे उपप्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने तक का है। उन्होंने हमारे गृह मंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। उनके संसदीय हस्तक्षेप हमेशा अनुकरणीय और समृद्ध अंतर्दृष्टि से भरे रहे हैं।’

भारत रत्न सम्मान से पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया था : “यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव गारू को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। एक प्रतिष्ठित विद्वान और राजनेता के रूप में नरसिम्हा राव गारू ने विभिन्न क्षमताओं में बड़े पैमाने पर भारत की सेवा की।

यह भी पढ़े :- चुनावी लड़ाई, EVM Vs बैलेट पर आई! भूपेश को बृजमोहन का जवाब, जब जीते तब EVM हैक नहीं हुआ

“उन्हें आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कई वर्षों तक सांसद तथा विधानसभा के सदस्य के रूप में किए गए कार्यों के लिए समान रूप से याद किया जाता है। उनका दूरदर्शी नेतृत्व देश को आर्थिक रूप से उन्नत बनाने और देश की समृद्धि तथा विकास की एक ठोस नींव रखने में सहायक था।”

चौधरी चरण सिंह को सम्मान देने की घोषणा करते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ”यह हमारी सरकार का सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न (Bharat Ratna) से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों के अधिकारों और उनके कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था।”

पीएम ने कृषि वैज्ञानिक एम.एस. स्वामीनाथन को भारत रत्न (Bharat Ratna) देने की भी घोषणा की थी। उन्होंने लिखा था, “यह बेहद खुशी की बात है कि भारत सरकार हमारे देश में कृषि और किसानों के कल्याण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए एम.एस. स्वामीनाथन जी को भारत रत्न से सम्मानित कर रही है। उन्होंने भारत को आत्म-सम्मान हासिल करने में मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चुनौतीपूर्ण समय के दौरान कृषि पर निर्भरता और भारतीय कृषि को आधुनिक बनाने की दिशा में उत्कृष्ट प्रयास किए।”

वहीं केंद्र सरकार इस मौके पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर (Karpoori Thakur) को भी ‘भारत रत्न’ से सम्‍मानित करेगी। बता दें कि ‘जननायक’ के नाम से मशहूर ठाकुर दिसंबर 1970 से जून 1971 और दिसंबर 1977 से अप्रैल 1979 तक मुख्यमंत्री रहे। ठाकुर राज्य में दलितों और पिछड़ों के हितों में कदम उठाने वाले बड़े नेता माने जाते हैं और राज्य की राजनीति में आज भी उनके समर्थक सभी राजनीतिक दलों में महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।

Related Articles

Back to top button