China’s South Asia Strategy : चीन ने भारत को घेरने की रणनीति पर बढ़ाया कदम, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ त्रिपक्षीय बैठक

China’s South Asia Strategy : बीजिंग । चीन ने भारत को कूटनीतिक रूप से घेरने की रणनीति के तहत एक अहम कदम उठाया है। पहली बार, चीन ने पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ त्रिपक्षीय बैठक की मेजबानी की है। यह बैठक चीन के कुनमिंग शहर में गुरुवार को आयोजित की गई, जिसमें तीनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। यह घटनाक्रम भारत के लिए चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि इससे दक्षिण एशिया में चीन की सक्रियता और गहराने की संभावना बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें :- Operation Sindhu : ईरान से 310 भारतीय नागरिक दिल्ली पहुंचे, नेपाल-श्रीलंका के नागरिकों को भी लाया जाएगा
बैठक में चीन के उप विदेश मंत्री सन वेइदोंग, बांग्लादेश के कार्यवाहक विदेश सचिव रूहुल आलम सिद्दीकी और पाकिस्तान के अतिरिक्त विदेश सचिव इमरान अहमद सिद्दीकी व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए। वहीं, पाकिस्तान की विदेश सचिव आमना बलूच वीडियो लिंक के माध्यम से शुरुआती सत्र में जुड़ीं।
बैठक के बाद चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से एक संयुक्त बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि तीनों देशों ने व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा और समुद्री मामलों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसके लिए एक कार्यसमूह (वर्किंग ग्रुप) भी बनाया जाएगा, जो इन पहलों को लागू करने में समन्वय करेगा।
बयान में दावा किया गया कि यह सहयोग “सच्चे बहुपक्षवाद और मुक्त क्षेत्रवाद” के सिद्धांतों पर आधारित है और किसी भी तीसरे देश के खिलाफ नहीं है। हालांकि, इस बैठक को भारत को रणनीतिक रूप से घेरने की चीन की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। (China’s South Asia Strategy)
पाकिस्तान की विदेश सचिव आमना बलूच ने बैठक में चीन की मेजबानी के लिए आभार जताया और कहा कि पाकिस्तान, चीन और दक्षिण एशियाई देशों के बीच गहरे सहयोग का पक्षधर है। उन्होंने पाकिस्तान-चीन संबंधों की सकारात्मक प्रगति की सराहना की और बांग्लादेश के साथ बहुपक्षीय सहयोग बढ़ाने की इच्छा जाहिर की। (China’s South Asia Strategy)
विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक चीन की दक्षिण एशिया में पकड़ मजबूत करने, भारत की रणनीतिक स्थिति को संतुलित करने और बांग्लादेश को अपने पाले में करने की बड़ी योजना का हिस्सा हो सकती है। यह भारत की कूटनीतिक नीति और सुरक्षा रणनीति के लिए चुनौती हो सकती है। (China’s South Asia Strategy)



