Chintan Shivir: ‘चिंतन शिविर’ से बढ़ी सोनिया गांधी की चिंता, प्रियंका गांधी को नया अध्यक्ष बनाने की मांग
राजस्थान के उदयपुर में कांग्रेस का तीन दिवसीय चिंतन शिविर (Chintan Shivir) आयोजित किया गया, जिसमें नेतृत्व का मुद्दा छाया रहा। इस दौरान कई नेताओं ने प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग की। बता दें कि कांग्रेस ने नव संकल्प शिविर यानी ‘चिंतन शिविर’ का आयोजन संगठन को मजबूत करने और भविष्य की रणनीति का खाका तैयार करने के लिए किया है।
यह भी पढ़ें:-Congress Chintan Shivir: कांग्रेस के चिंतन शिविर का पहला दिन आज, जानिए दिग्गजों ने क्या-क्या किया ‘चिंतन’
‘चिंतन शिविर’ (Chintan Shivir) में राजनीतिक मामलों की समिति में चर्चा के दौरान पार्टी नेता और धर्म गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मुखरता से प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग की। प्रमोद कृष्णम ने जिस वक्त यह मांग की, उस वक्त कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी बैठक में मौजूद थीं। जानकारी के मुताबिक कृष्णम ने कहा कि दो साल से राहुल गांधी को मनाने की कोशिश हो रही है। वह अध्यक्ष बनने के लिए तैयार नहीं है, तो प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। समिति के संयोजक मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी बात कहकर ही चुप हुए।
उदयपुर में नहीं लगे हैं प्रियंका के एक भी पोस्टर
इधर, कई अन्य नेताओं ने भी प्रियंका गांधी की पार्टी में भूमिका बढ़ाने की मांग की। दीपेंद्र हु्ड्डा ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर लाना चाहिए। उन्हें UP तक ही सीमित नहीं रखना चाहिए। बिहार कांग्रेस की नेता रंजीत रंजन ने भी इससे सहमति जताई कि प्रियंका गांधी को सिर्फ एक राज्य तक सीमित नहीं रखना चाहिए। हालांकि नव संकल्प शिविर के लिए उदयपुर में सिर्फ सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों के पोस्टर लगाए गए हैं। प्रियंका गांधी का कोई पोस्टर नहीं है।
सोनिया गांधी ने पार्टी नेताओं को दी नसीहत
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा था कि पार्टी ने हमें बहुत कुछ दिया है, अब कर्ज उतारने का समय है। सोनिया ने कांग्रेस के बड़े नेताओं को त्याग करके पार्टी हित में काम करने की नसीहत दी है। कांग्रेस कार्यसमिति में कही गई बात को आज खुले में दोहराई है। सोनिया ने कहा कि ऐसा समय आया है कि हमें संगठन हितों के अधीन काम करना होगा। सबसे आग्रह है कि खुलकर अपने विचार रखें, लेकिन बाहर एक ही संदेश जाना चाहिए संगठन की मजूबती, मजबूत निश्चय और एकता का।
सोनिया ने BJP पर साधा निशाना
शिविर (Chintan Shivir) के दौरान सोनिया ने BJP और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि BJP-केंद्र सरकार देश में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही है। अल्पसंख्यकों को डराया जा रहा है। धर्म के नाम पर पॉलराइजेशन किया जा रहा है। अल्पसंख्यक हमारे देश में बराबर के नागरिक हैं। यह हमारी पुरानी बहुलवादी कल्चर का परिचायक है। विविधता में एकता में हमारी पहचान रही है।



