बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान मिधिली, ओडिशा समेत इन 8 राज्यों में दिखेगा असर 

Cyclone Midhili: देशभर में ठंड ने दस्तक दे दी है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान का रूप ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक इस साइक्लोन का नाम मिधिली रखा गया है। ये पश्चिम बंगाल के सुंदरवन के पास से गुजरते हुए बांग्लादेश से टकरा सकता है। इस दौरान इसकी रफ्तार 80 किमी प्रतिघंटा रहेगी। भारत के 8 राज्यों में इसका असर देखा जाएगा। इन राज्यों में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, नागालैंड और मेघालय शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:- अमेरिका से रायपुर आकर युवा मतदाता अभिषेक वर्मा ने किया मतदान, क्या आपने निभाई अपनी भूमिका ?

IMD ने इन राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र में मिधिली का असर सबसे ज्यादा होगा। इनमें पूर्वी मेदनीपुर, कोलकाता, हावड़ा, नादिया, पूर्वी बर्दमान, उत्तर और दक्षिण 24 परगना शामिल हैं। इनके अलावा 20 नवंबर तक तामिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में इसके कारण हल्के से मध्यम बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव क्षेत्र नॉर्थ और नॉर्थ-ईस्ट में अभी मौजूद है। इसकी लोकेशन पश्चिम बंगाल के दीघा से 460 किमी साउथ और साउथ वेस्ट में ट्रेस की गई है। (Cyclone Midhili)

आगे बढ़कर ये दबाव साइक्लोन में तब्दील होगा। मिधिली साइक्लोन 80 किमी प्रतिघंटा से ज्यादा की रफ्तार से बांग्लादेश के खेपुपारा और मोंगला से टकरा सकता है। पश्चिम बंगाल के राज्य सचिवालय नबन्ना की कहा गया कि राज्य के तीन तटीय क्षेत्रों में साइक्लोन के बारे में पहले से चेतावनी दी जा चुकी है। साथ ही मिधिली से निपटने के लिए सभी उपाय करने के लिए निर्देश जारी किए जा चुके हैं। बता दें कि साइक्लोन का नाम मिधिली रखा गया है, जो कि मालदीव की ओर से दिया गया था। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के चक्रवातों से प्रभावित देश बारी-बारी से एक क्रम में चक्रवातों के नाम देते हैं। (Cyclone Midhili)

साइक्लोन शब्द ग्रीक भाषा के साइक्लोस से लिया गया है, जिसका अर्थ है सांप की कुंडलियां। इसे ऐसा इसलिए कहा जाता है क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में ट्रोपिकल साइक्लोन समुद्र में कुंडली मारे सांपों की तरह दिखाई देते हैं। साइक्लोन एक गोलाकार तूफान होते हैं, जो गर्म समुद्र के ऊपर बनते हैं। जब ये साइक्लोन जमीन पर पहुंचते हैं, तो अपने साथ भारी बारिश और तेज हवाएं लेकर आते हैं। ये हवाएं उनके रास्ते में आने वाले पेड़ों, गाड़ियों और कई बार तो घरों को भी तबाह कर सकती हैं। वहीं कई बार इसका खतरनाक असर भी देखने को मिलता है। (Cyclone Midhili)

Related Articles

Back to top button