पेयजल संकट: निगम ने मांगे साल भर के लिए 7 करोड़, सरकार ने थमाए डेढ़ करोड़

बिलासपुर. साल भर होने वाले पेयजल संकट से निबटने नगर निगम ने मुख्यालय से 7 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर निगम को डेढ़ करोड़ रुपए अस्थायी रूप से पेयजल संकट के लिए उपलब्ध कराए हैं। बिलासपुर नगर निगम समेत जिले के 2 नगर पालिका परिषद और 4 नगर पंचायतों को 1 करोड़ 84 लाख रुपए की राशि मुख्यालय ने जारी की है। इस राशि से अस्थायी रूप से नगरीय निकाय पेयजल की व्यवस्था करेंगे।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने गर्मियों के मौसम में पेयजल के हर वर्ष होने वाले संकट से जनता को राहत और सुविधा देने के लिए नगरीय निकायों से जानकारी मांगी थी। नगरीय निकायों ने अपने-अपने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की सुविधाओं की जानकारी मुख्यालय भेजी थी। साथ ही बिलासपुर नगर निगम ने एक साल तक होने वाले पेयजल संकट से निबटने के लिए 7 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा था, ताकि समस्या का साल भर समाधान किया जा सके। इधर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के लिए एक साथ राशि जारी की है। जिले के 7 नगरीय निकायों को मुख्यालय ने 1 करोड़ 84 लाख रुपए अस्थायी रूप से गर्मी में होने वाले पेयजल संकट से निबटने के लिए दिए हैं। इस राशि का उपयोग सभी नगरीय निकाय अप्रैल, मई और जून महीने में पेयजल संकट से निराकरण के लिए करेंगे।

बिलासपुर का दायरा बढऩे का दिया हवाला
नगर निगम की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में अधिकारियों ने नगर निगम सीमा क्षेत्र का विस्तार होने और इसमें 15 ग्राम पंचायत , 1 नगर पालिका परिषद और 2 नगर पंचायतों के क्षेत्र शामिल होने का हवाला दिया था। क्षेत्र और पेयजल आपूर्ति के लिए मुख्यालय से 7 करोड़ रुपए मांगे थे, जिसपर अब तक मुख्यालय ने राशि जारी नहीं की है।

मिल सकते हैं हर जोन को 8-10 लाख रुपए
नगर निगम को जारी की गई 1 करोड़ 49 लाख 20 हजार 410 रुपए में से हर जोन को राशि का वितरण किया जाना है। यह पहले व्यवस्था पहले से है जिसके तहत जोन को मिलने वाली राशि से संबंधित क्षेत्र में पेयजल संकट से निबटारा किया जा सके। मिली राशि से हर जोन को 8-10 लाख रुपए मिल सकते हैं।

अस्थायी व्यवस्था के लिए राशि बढ़ाई
गर्मियों के मौसम में पेयजल संकट से निबटने मुख्यालय से पिछले दो साल से नगर निगम बिलासपुर को 1 रोड़ 17 लाख रुपए की राशि जारी की जा रही है। इस वर्ष आवंटित की जाने वाली राशि में बढ़ोतरी की गई है। मुख्यालय ने करीब 32 लाख रुपए की बढ़ोतरी कर राशि जारी की है।

इसे भी पढ़ें-जानिए कैसा है खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र का गणित, आज से खत्म प्रचार का वक्त

किस निकाय को कितनी राशि मिली
1 नगर निगम बिलासपुर- 14920410 रुपए
2. नगर पालिका परिषद रतनपुर- 753948 रुपए
3. नगर पालिका परिषद तखतपुर- 611091 रुपए
4. नगर पंचायत कोटा- 709432 रुपए
5. नगर पंचायत बिल्हा-425852 रुपए
6. नगर पंचायत मल्हार – 327830 रुपए
7. नगर पंचायत बोदरी- 673816 रुपए

पेयजल सकट सालभर रहता है, जिसमें टूटफूट होने से लेकर क्लोरीन और अन्य सामानों के लिए राशि की जरूरत होती है। मुख्यालय से सालभर के लिए 7 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। अस्थायी जलसंकट के लिए पिछले 2 साल से नगर निगम को 1 करोड़ 17 लाख रुपए जारी किए गए थे। इस वर्ष राशि बढ़ाकर दी गई है , जिससे गर्मियों के 3 महीने ही काम हो पाएगा। इसके बाद भी राशि की जरूरत होगी।
– अजय श्रीवासन, प्रभारी जल विभाग नगर निगम

Related Articles

Back to top button