Eknath Shinde Oath: एकनाथ शिंदे ने ली महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ, डिप्टी CM बने देवेंद्र फडणवीस

Eknath Shinde Oath: एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। वे महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ देवेंद्र फडणवीस ने भी उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा हैं। उनका अनुभव और विशेषज्ञता सरकार के लिए एक संपत्ति होगी। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र के विकास पथ को और मजबूत करेंगे। (Eknath Shinde Oath)

इससे पहले एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल से मुलाकात की। इसके बाद एक संयुक्त प्रेस वार्ता किया। इस दौरान फडणवीस ने ऐलान किया कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे।  भाजपा उनका समर्थन करेगी। सरकार में शामिल भी होगी, लेकिन मैं सरकार से बाहर रहूंगा। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि फडणवीस ने बड़ा दिल दिखाया है। अब उन्हें डिप्टी CM का पद स्वीकार करना चाहिए। इसके बाद अमित शाह ने कहा कि फडणवीस सरकार में शामिल होने के लिए मान गए हैं। इसके बाद फौरन राजभवन में दो की जगह तीन कुर्सी लगाई गई। वहीं राज्यपाल ने दोनों नेताओं को शपथ दिलाई। फडणवीस ने भी ट्वीट कर लिखा कि एक कार्यकर्ता के नाते पार्टी के आदेश का मैं पालन करता हूं। जिस पार्टी ने मुझे सर्वोच्च पद तक पहुंचाया, उसका आदेश मेरे लिए सर्वोपरि है। (Eknath Shinde Oath)

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 2019 में BJP और शिवसेना साथ में चुनाव लड़ी। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमें पूर्ण बहुमत मिला। पीएम ने चुनाव के दौरान BJP के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की और वो नाम सबको मंजूर भी था, लेकिन चुनाव के बाद शिवसेना के नेताओं ने निर्णय किया कि बालासाहेब ठाकरे जी ने जिन विचारों का जीवन भर विरोध किया ऐसे लोगों के साथ उन्होंने गठबंधन किया।

भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमने ढाई साल में एक सरकार देखी जिसमें न कोई तत्व, न कोई विचार और न गति थी। वो लोग चालू इंफ्रास्ट्रक्चर को बंद कर रही थी। वो लगातार भ्रष्टाचार में लिप्त थे। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना विधायकों ने मांग की कि हम कांग्रेस और एनसीपी के साथ नहीं रह सकते और ये गठबंधन खत्म किया जाए लेकिन इनकी मांग पूरी नहीं हुई इसलिए इन विधायकों ने अपनी आवाज बुलंद की।

यह भी पढ़ें : Sariya Cement Price: बस कुछ दिन और सस्ते मिलेंगे सरिया और सीमेंट, जानिए क्या है ताजा रेट

देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता ने महाविकास अघाड़ी को बहुमत नहीं दिया था। चुनाव के बाद बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी थी। शिवसेना ने हमारे साथ चुनाव लड़ा था, लेकिन कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बनाई। उद्धव ठाकरे ने बाला साहेब ठाकरे के विचारों को भी ताक पर रख दिया। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि सरकार के दो-दो मंत्री जेल में हैं। बालासाहेब ने हमेशा दाउद का विरोध किया, लेकिन उद्धव सरकार का एक मंत्री दाउद से जुड़ा हुआ है। जेल में जाने के बाद भी उसे मंत्री पद से हटाया नहीं गया। ये बाला साहेब का अपमान है।

बता दें कि कल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने फेसबुक लाइव करते हुए इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की ओर से शिवसेना की दलीलों को खारिज करते के आदेश के कुछ देर बाद ही इस्तीफा दे दिया। इस दौरान उन्होंने शिंदे गुट के गिले-शिकवों पर अपनी बात रखी और कहा कि आपको अपनी बात ठीक तरह से रखनी चाहिए थी। उद्धव ने कहा कि जिनसे धोखे की आशंका थी वे साथ रहे। उन्होंने कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी NCP के मुखिया शरद पवार को धन्यवाद कहा था।  

Related Articles

Back to top button