Google Analytics —— Meta Pixel

बंद फैक्ट्री में लगी आग ने ली 7 जानें, पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत

Industrial Accident : राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बंद पड़ी फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूर अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए।

यह भी पढ़े :- CG Budget 2026 : 23 जनवरी से बजट सत्र: 24 को तीसरा बजट पेश करेंगे ओपी चौधरी

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे फैक्ट्री से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के दौरान 3 से 4 जोरदार धमाके हुए, जिनकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।

बड़ी मात्रा में गत्ता होने से तेजी से फैली आग

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्ता रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया, हालांकि शीतलन कार्य देर तक जारी रहा।

कई महीनों से बंद थी फैक्ट्री

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अंदर रखे गैस सिलेंडरों के फटने से धमाके हुए होंगे, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री कई महीनों से बंद थी, ऐसे में अंदर गतिविधि को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करा लिया गया और बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। (Industrial Accident)

फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। (Industrial Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!