राजकीय सम्मान के साथ होगा लोक गायिका शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार, राष्ट्रपति, PM मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुख

Folk Singer Sharda Death: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मशहूर लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बिहार कोकिला, पद्मश्री और पद्म भूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा का निधन दुखद। वे मशहूर लोक गायिका थीं। उन्होंने मैथिली, बज्जिका, भोजपुरी के अलावा हिन्दी गीत भी गाए थे। उन्होंने कई हिन्दी फिल्मों में भी अपनी मधुर आवाज दी थी। शारदा सिन्हा जी के छठ महापर्व पर सुरीली आवाज में गाए मधुर गाने बिहार और उत्तरप्रदेश समेत देश के सभी भागों में गूंजा करते हैं। उनके निधन से संगीत के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी आत्मा की चिर शांति और उनके परिजनों-प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है।
यह भी पढ़ें:- हर क्षेत्र में नई बुलंदियों को छू रहा है छत्तीसगढ़: कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
CM नीतीश ने घोषणा की है कि लोक गायिका शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। बता दें कि कल यानी 7 नवंबर को सुबह 8 बजे गुलबी घाट पर शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि बिहार कोकिला के रूप में प्रसिद्ध गायिका डॉक्टर शारदा सिन्हा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। बिहारी लोक गीतों को मैथिली और भोजपुरी में अपनी मधुर आवाज देकर शारदा सिन्हा जी ने संगीत जगत में अपार लोकप्रियता पायी। आज छठ पूजा के दिन उनके मधुर गीत देश-विदेश में भक्ति का अलौकिक वातावरण बना रहे होंगे। उन्हें साल 2018 में कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था। उनका सुमधुर गायन अमर रहेगा। मैं उनके परिवारजन और प्रशंसकों के प्रति गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। (Folk Singer Sharda Death)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनके गाए मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत पिछले कई दशकों से बेहद लोकप्रिय रहे हैं। आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज भी सदैव बनी रहेगी। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि अपनी मधुर आवाज़ के लिए प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन की खबर बेहद दुखद है। उनके शोकाकुल परिजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। छठ के त्योहार में हर ओर गूंजते उनके गीत श्रद्धालुओं और श्रोताओं को उनकी सदा याद दिलाते रहेंगे। शारदा जी अपने स्वरों के ज़रिए हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी। (Folk Singer Sharda Death)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जताया दुख
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रख्यात लोक गायिका, पद्म भूषण डॉ. शारदा सिन्हा का निधन अत्यंत दुखद और संपूर्ण संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उन्होंने अपने उत्कृष्ट पारंपरिक गायन के माध्यम से मैथिली, भोजपुरी सहित अनेक लोक भाषाओं और लोक संस्कृति की सेवा की और राष्ट्रीय पटल पर उन्हें सम्मान दिलाया। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और उनके शोकाकुल परिजनों समेत प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि भारतीय लोकसंगीत को अपनी अद्वितीय और मधुर आवाज से सजाने वाली शारदा सिन्हा जी के निधन की खबर ने मुझे गहरा दुख पहुंचाया है। इस कठिन घड़ी में, मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और सद्गति प्रदान करें। (Folk Singer Sharda Death)
बिहार के लिए बहुत बड़ी क्षति: लालू यादव
RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा कि शारदा सिन्हा बहुत बड़ी संगीतकार थीं। हर परिवार उनके गीतों को सुनता था। मैं सूर्य भगवान से प्रार्थना करता हूं कि शारदा सिन्हा की आत्मा को शांति प्रदान करें। यह बिहार के लिए बहुत बड़ी क्षति है। बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि शारदा सिन्हा का निधन दुखद है। पूरे देश और दुनिया के लोग उनसे प्यार करते थे। वह बेहतरीन इंसान थी। वह भारत की अनमोल रत्न थी। आज भारत ने बेहतरीन आवाज को खो दिया है। छठ के मौके पर ही उनका निधन हुआ, हम सबको इसका बहुत दुख है। भगवान उनके परिवार को ये दुख सहने की शक्ति दे। हम शारदा जी को कभी नहीं भूला सकते। (Folk Singer Sharda Death)
संगीत उद्योग और संस्कृति के लिए एक अपूरणीय क्षति: नबीन
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि जिस शख्सियत ने पूरी दुनिया में छठ की संस्कृति, बिहार की परंपराओं को स्थापित किया, आज वो हमारे बीच में नहीं हैं। मैं उनको श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। पुरानी पीढ़ियों में जो परंपराएं थीं, उनको नई पीढ़ियों तक पहुंचाने में उनके गीत बहुत सार्थक हुए। उनके गीत हमेशा अमर रहेंगे। बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि शारदा सिन्हा अब हमारे बीच नहीं रहीं। यह संगीत उद्योग और संस्कृति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके गाने पूरी दुनिया में गुनगुनाया जाता है। उनके परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति मिले। RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने लोक गायन में देश में अमिट छाप छोड़ी। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति दें। (Folk Singer Sharda Death)
CM विष्णुदेव साय ने भी जताया दुख
बिहार के डिप्टी CM विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार की स्वर कोकिला शारदा सिन्हा का निधन बिहार की लोक संस्कृति और विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। छठ का महापर्व उनके गीतों के बिना अधूरा है… भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान दें। जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि उनका निधन बहुत दुखद है। यह कैसा संयोग है कि ‘छठी मैया’ के गीत को देश के घर-घर तक पहुंचाने वाली गायिका ने ‘नहाय खाय’ के अवसर पर अंतिम सांस ली। छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय ने कहा कि सुप्रसिद्ध लोक गायिका, पद्मभूषण शारदा सिन्हा जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। छठ महापर्व को अपनी मधुर आवाज से सजाने वाली शारदा जी का निधन संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। छठ मैया से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें। (Folk Singer Sharda Death)



