Google Analytics —— Meta Pixel

Heavy Rain in Gujarat : गुजरात में बरसात ने मचाया कहर, सात लोग बह गए, IMD का अलर्ट जारी

Heavy Rain in Gujarat : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को चेतावनी जारी की कि गुजरात में अगले 2-3 दिनों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होगी। पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण गुजरात के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है, जिससे सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। खास तौर पर नवसारी में भयंकर बाढ़ आई है, जिसके कारण आईएमडी ने 26 अगस्त को जिले के लिए “रेड अलर्ट” जारी किया है।

यह भी पढ़े :- Jammu Kashmir Election: BJP ने पहले जारी की 44 उम्मदवारों की लिस्ट, आधे घंटे में ही ली वापस, पढ़े आखिर क्यों लिया ऐसा फैसला?

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अधिकारियों को निचले इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया है। उनके कार्यालय ने बताया कि भारी बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में दक्षिण गुजरात के वलसाड, तापी, नवसारी, सूरत, नर्मदा और पंचमहल शामिल हैं।

कई शहरोँ में जलभराव से हाहाकार
लगातार बारिश(Heavy Rain in Gujarat) के कारण नडियाद शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति है। लोगों को बाहर निकलने के लिए भी भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। वहीं, मोरबी के धवाना गांव के पास एक ट्रैक्टर से जुड़ी ट्रॉली पलट जाने के बाद फंसे 17 लोगों के लिए खोज और बचाव अभियान चलाया गया। उधर, अहमदाबाद में भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है।

मौसम विभाग का कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कहा कि उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश और उससे सटे पूर्वी राजस्थान पर बना दबाव का क्षेत्र अधिक दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है जिसके कारण अगले दो-तीन दिन में दोनों राज्यों के अलावा गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। आईएमडी के अनुसार 25 अगस्त को रात साढ़े 11 बजे अधिक दबाव का केंद्र राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से 70 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में था। आईएमडी ने देर रात दो बजे जारी अपडेट में कहा कि इस दबाव के पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ने, दक्षिणी राजस्थान और गुजरात को प्रभावित करने तथा 29 अगस्त तक सौराष्ट्र, कच्छ एवं पाकिस्तान के कुछ हिस्सों तक पहुंचने के आसार हैं।

आईएमडी के अनुसार बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्र पर भी कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। अगले दो दिन में इसके और तीव्र होने तथा पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र, उत्तरी ओडिशा और झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है। आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी करते हुए कहा कि 26 अगस्त को पश्चिम मध्यप्रदेश में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। उसने बताया कि 26 से 29 अगस्त तक पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में भी ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान है।

इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और झारखंड में भी अगले दो दिन में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने 26 अगस्त को मध्यप्रदेश में 50 किलोमीटर प्रति घंटे और 26-27 अगस्त को दक्षिण राजस्थान में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। गुजरात, निकटवर्ती पाकिस्तान, उत्तर महाराष्ट्र और उत्तरपूर्वी अरब सागर में 26 अगस्त को 55 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है और इनकी रफ्तार 27 और 28 अगस्त को बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। (Heavy Rain in Gujarat)

Back to top button
error: Content is protected !!