Ahmedabad Plane Crash : कभी प्लेन में नहीं बैठूंगा…, बोला एयर इंडिया विमान क्रैश का वायरल वीडियो बनाने वाला आर्यन
Ahmedabad Plane Crash : अहमदाबाद में एयर इंडिया ड्रीमलाइनर विमान हादसे का वो वीडियो अब सोशल मीडिया और जांच एजेंसियों की नजर में है, जिसमें विमान आग के गोले में तब्दील होकर जमीन से टकराता दिखता है. इस दिल दहला देने वाले वीडियो को शूट करने वाला कोई बड़ा पत्रकार या कैमरा मैन नहीं, बल्कि 17 साल का एक लड़का है– आर्यन असारी. कक्षा 12 में पढ़ने वाला आर्यन दो दिन पहले ही अपने गांव से अहमदाबाद के लक्ष्मीनगर इलाके में अपने पिता से मिलने आया था. उसने सोचा भी नहीं था कि वह एक ऐतिहासिक दुर्घटना का गवाह बन जाएगा.
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : 7वीं की छात्रा ने बाथरूम में जन्मा बच्चा टॉयलेट में फेंका, नवजात की डूबने से मौत”
शौक में बना रहा था वीडियो
हादसे (Ahmedabad Plane Crash) के वक्त वह अपने पिता के किराए के अपार्टमेंट की छत पर था और महज शौक से विमानों का वीडियो बना रहा था, ताकि गांव के दोस्तों को दिखा सके. आर्यन बताता है कि ‘मैंने पहले कभी विमान को इतनी नजदीक से उड़ते नहीं देखा था. जब वो मेरे सिर के ऊपर से गुजरा, तो लगा कि छू सकता हूं. अचानक विमान डगमगाने लगा और फिर एक ज़ोरदार धमाका हुआ…वो एक आग के गोले में बदल गया.’ उसने फौरन ये वीडियो अपने पिता को भेजा, जो मेट्रो में पर्यवेक्षक हैं. यह वही वीडियो है जो अब जांचकर्ताओं के लिए एक अहम सुराग बन गया है.
लेकिन इस घटना (Ahmedabad Plane Crash) ने आर्यन की मानसिक स्थिति पर गहरा असर डाला है. उसने पुलिस को अपना बयान दे दिया है और अब उसे लगातार जांच एजेंसियों और मीडिया से कॉल आ रहे हैं, जिससे वह और भी घबरा गया है. परिवार वालों का कहना है कि वह रात में सो नहीं पा रहा और हर बार जब कोई विमान उसके घर के ऊपर से गुजरता है, वह चौंक जाता है. आर्यन का कहना है कि ‘मुझे अब लगता है कि मैं कभी विमान में नहीं बैठ पाऊंगा. जो देखा वो डरावना था… मैं अब भी कांप जाता हूं.’ उसके साथ मौजूद दोस्त राज सिंह ने बताया कि हादसे के बाद आर्यन कमरे में बंद हो गया था, जबकि अन्य लोग बाहर दौड़ पड़े थे.
किसी को गिरफ़्तार नहीं किया गया है.
बता दें कि अहमदाबाद पुलिस ने आर्यन से वीडियो को लेकर पूछताछ की है. पुलिस ने बताया कि वीडियो बनाने पर किसी को गिरफ़्तार नहीं किया गया है.
मोबाइल वीडियो की स्क्रीन रिकॉर्डिंग वायरल हुई है. वीडियो बनाने वाले ने पुलिस को वीडियो का विवरण दिया. वह अपने पिता के साथ गवाह के तौर पर बयान देने आया था, फिर उसे उसके पिता के साथ भेज दिया गया. कोई गिरफ़्तारी या हिरासत नहीं की गई है।



