Google Analytics —— Meta Pixel

Naba Kishore Das : ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, पुलिसकर्मी ने मारी थी गोली

Naba Kishore Das : ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की रविवार को एक पुलिसकर्मी ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ASI गोपाल कृष्ण दास को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में सीआईडी क्राइम ब्रांच जांच में जुट गई है। नब किशोर दास के समर्थक इसे सुरक्षा में चूक बताते हुए साजिश करार दे रहे हैं। तो वहीं जांच में सामने आया है कि आरोपी ASI आठ साल से बाइपोलर डिसऑर्डर का शिकार है। हालांकि, पुलिस अभी सभी एंगल में जांच में जुटी है. आईए जानते हैं इस मामले में अपडेट्स

यह भी पढ़ें : जल्द ही आएगा कोल्डड्रिंक ब्रांड कोका-कोला का स्मार्टफोन, जानिए फोन के एक्सपेक्टेड फीचर्स

कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे मंत्री Naba Kishore Das

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास रविवार को झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर इलाके में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। प्रोटोकॉल के तहत उनकी सुरक्षा में गांधी चौक पुलिस चौकी में तैनात ASI गोपाल कृष्ण दास की ड्यूटी लगी थी। जब दास कार्यक्रम स्थल पर गाड़ी से उतर रहे थे, तभी आरोपी ASI गोपाल ने सीने से सटाकर रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में मंत्री लहूलुहान हो गए. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी गोपाल को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।

भुवनेश्वर एम्स में हुई मौत

नब किशोर दास को एयरलिफ्ट कर झारसुगुड़ा से भुवनेश्वर एम्स लाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, नब दास को एक गोली लगी थी। इससे उनके दिल और फेफड़ा जख्मी हो गया। अस्पताल के मुताबिक, तमाम इलाज और कोशिशों के बावजूद दास की जान नहीं बच सकी। नब किशोर दास की हत्या के मामले में जांच के लिए सीआईडी क्राइम ब्रांच का गठन किया गया। इस टीम में 7 सदस्यों के अलावा साइबर एक्सपर्ट, बैलिस्टिक एक्सपर्ट को भी शामिल किया गया है। टीम का नेतृत्व डीएसपी रमेश डोरा ओपीएस कर रहे हैं।

Naba Kishore Das के सम्मान में ये बड़ा फैसला

ओडिशा सरकार ने रविवार को कहा कि नब किशोर दास को राजकीय सम्मान दिया जाएगा। सरकार के मुताबिक, 29-31 जनवरी तक तीन दिन कोई भी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा। उधर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को दास की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वे इस खबर से दुखी और परेशान हैं। उन्होंने परिवार के सदस्यों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने किशोर दास के निधन पर दुख जताया।

यह भी पढ़ें : लाल किले में छत्तीसगढ़ ने रंग जमाया, पर्यटन को लेकर लोगों में विशेष रूचि

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जताया शोक

नब किशोर दास को नवीन पटनायक का करीबी माना जाता था। नवीन पटनायक ने कहा कि वे यह खबर सुनकर दुखी और स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा, डॉक्टरों ने दास का जीवन बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया। लेकिन दुर्भाग्य से वे ठीक नहीं हो सके। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय में रहते कई बड़े कदम उठाए, जिसका लोगों को फायदा मिला। सीएम पटनायक ने कहा, एक नेता के रूप में, दास ने बीजू जनता दल को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वे जमीनी व्यक्ति थे और सभी वर्गों के लोगों का सम्मान और प्यार करते थे।

Naba Kishore Das 2019 में ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री बने थे

नब किशोर दास मई 2019 में ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री बने थे। यहां तक कि पिछले साल जून में जब नवीन पटनायक ने कैबिनेट में बदलाव किया था, तब भी नब किशोर दास के मंत्रालय में बदलाव नहीं किया गया। नब किशोर दास ने कोरोना काल में स्वास्थ्य मंत्री रहते काफी अच्छा काम किया। इसे लेकर राज्य में उनकी तारीफ भी हुई। दास की पत्नी मिनाती और एक बेटा और बेटी है।

2019 में कांग्रेस छोड़कर बीजद में शामिल हुए

नब दास 2019 में कांग्रेस छोड़कर बीजद में शामिल हुए थे। नब दास बड़े कांग्रेसी नेता माने जाते थे, यहां तक कि वे बीजद की लहर के बावजूद चुनाव नहीं हारे। नब दास लॉ ग्रेजुएट थे और कॉलेज के दिनों से ही राजनीति में आ गए थे। वे ओडिशा NSUI के उपाध्यक्ष रहे। इसके बाद वे ओडिशा यूथ कांग्रेस के भी उपाध्यक्ष रहे। बाद में वे ओडिशा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी बने। दास ने झारसुगुड़ा से 2009 में कांग्रेस से अपना पहला चुनाव जीता था। उन्होंने बीजद के किशोर कुमार मोहंती को मात दी थी। इसके बाद वे 2014 में भी इसी सीट से जीते। लेकिन 2019 चुनाव से पहले उन्होंने बीजद में शामिल होने का फैसला किया और 2019 में बीजद के टिकट से चुनाव जीते।

Back to top button
error: Content is protected !!